(रणभेरी): फिलीपींस में शुक्रवार को प्रशिक्षण के दौरान वायुसेना के दो SF-260 विमान हवा में टकरा गए। इस हादसे में दोनों विमानों में सवार चारों पायलटों की मौत हो गई। दुर्घटना दोपहर 3:51 बजे मनीला के दक्षिण में लीपा शहर स्थित फर्नांडो एयर बेस के पास हुई। हादसे के बाद फिलीपीन वायुसेना ने SF-260 विमानों की उड़ान पर रोक लगा दी है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों विमान कम ऊंचाई पर उड़ान भर रहे थे, तभी वे आपस में टकरा गए। दुर्घटना के बाद एक विमान के टुकड़े सैन्यकर्मियों के बैरक के पास जा गिरे। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। जांच पूरी होने तक इस मॉडल के विमान उड़ान नहीं भरेंगे।
प्रशिक्षण के लिए इस्तेमाल होते हैं SF-260 विमान
SF-260 इटली में निर्मित प्रशिक्षण विमान हैं। फिलीपींस ने 2010-11 के दौरान इटली की एक कंपनी से ऐसे 18 विमान खरीदे थे। इनका इस्तेमाल वायुसेना के पायलटों को उड़ान का प्रशिक्षण देने के लिए किया जाता है। इस साल हवा में विमानों के टकराने की यह पांचवीं बड़ी दुर्घटना बताई जा रही है।
सैन्य आधुनिकीकरण के सामने बजट की चुनौती
फिलीपींस लंबे समय से अपनी सेना के आधुनिकीकरण में जुटा है, लेकिन इसके लिए पर्याप्त बजट जुटाना बड़ी चुनौती बना हुआ है। देश को वायुसेना के विमानों के अलावा नौसेना और थलसेना की क्षमताएं भी बढ़ानी हैं। हालांकि, कई सैन्य योजनाएं धन की कमी और क्रियान्वयन में देरी जैसी समस्याओं से जूझ रही हैं।
दक्षिण चीन सागर में चीन के साथ बढ़ते क्षेत्रीय तनाव के बीच फिलीपींस के लिए अपनी सैन्य क्षमता मजबूत करना और भी महत्वपूर्ण हो गया है। ऐसे में प्रशिक्षण विमानों से जुड़ा यह हादसा वायुसेना के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
