वाराणसी में MLC चुनाव के बीच बवाल, सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा और भाजपा कार्यकर्ताओं में भिड़ंत

वाराणसी में MLC चुनाव के बीच बवाल, सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा और भाजपा कार्यकर्ताओं में भिड़ंत

वाराणसी (रणभेरी): एमएलसी चुनाव के दौरान शुक्रवार दोपहर वाराणसी की सदर तहसील परिसर में उस समय माहौल गरमा गया, जब स्नातक सीट के प्रत्याशी एवं समाजवादी पार्टी के नेता आशुतोष सिन्हा और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। हालांकि, अधिकारियों की सतर्कता के बीच मतदान की प्रक्रिया जारी रही।

मिली जानकारी के अनुसार, आशुतोष सिन्हा अपने समर्थकों के साथ मतदान केंद्रों का जायजा ले रहे थे। इसी दौरान मतदाताओं से उनके मिलने और हाथ मिलाने को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने आपत्ति जताई। भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप था कि बूथ परिसर में प्रचार किया जा रहा है। इस संबंध में पुलिस से शिकायत भी की गई, जिसके बाद मौके पर विरोध और नारेबाजी शुरू हो गई।

दोनों पक्षों के बीच बढ़ी तकरार

मतदान केंद्र परिसर में दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला शुरू होने से कुछ समय के लिए अफरातफरी की स्थिति बन गई। विवाद बढ़ता देख पुलिसकर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभाला और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया। वहीं, आशुतोष सिन्हा का कहना था कि प्रत्याशी होने के नाते उन्हें मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने का अधिकार है। दूसरी ओर, भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके दौरे के तरीके पर सवाल उठाते हुए विरोध दर्ज कराया।

पुलिस की सतर्कता से टला बड़ा विवाद

पुलिस ने समय रहते हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया। इसके बाद परिसर में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनाए रखने के लिए सतर्कता बरती गई। हालांकि, घटना के बाद भी कुछ समय तक तहसील परिसर में गहमागहमी बनी रही। घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को भी दी गई। मतदान के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पुलिसकर्मी स्थिति पर नजर बनाए रहे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *