पटाखा विस्फोट में झुलसी चांदनी बेगम की मौत, 12 साल के बेटे के दोनों हाथ टूटे, अस्पताल में चल रहा इलाज

पटाखा विस्फोट में झुलसी चांदनी बेगम की मौत, 12 साल के बेटे के दोनों हाथ टूटे, अस्पताल में चल रहा इलाज

वाराणसी (रणभेरी): सारनाथ थाना क्षेत्र के पैगंबरपुर में 15 अक्टूबर को हुए भीषण पटाखा विस्फोट में गंभीर रूप से घायल चांदनी बेगम (38) ने गुरुवार देर शाम दम तोड़ दिया। हादसे में वह करीब 85 प्रतिशत तक झुलस गई थीं। कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल के बर्न वार्ड में कई दिनों से उनका उपचार चल रहा था। हालत में सुधार की उम्मीद में परिजन उन्हें कुछ दिन पहले निजी अस्पताल ले गए थे, लेकिन वहां भी स्थिति गंभीर बनी रही। गुरुवार शाम दोबारा मंडलीय अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। हादसे में घायल उनके 12 वर्षीय बेटे अदीब खान का उपचार अभी जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, उसकी हालत फिलहाल स्थिर है। विस्फोट में उसके दोनों हाथ टूट गए थे और सिर पर भी चोट लगी थी। वहीं, बेटी अरबिया हादसे में सुरक्षित बच गई थी।

निजी अस्पताल में भी नहीं सुधरी हालत

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनपी सिंह के अनुसार, विस्फोट के दिन ही चांदनी को मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों की टीम लगातार उपचार कर रही थी। परिजन करीब दो दिन पहले अस्पताल प्रशासन को बताए बिना उन्हें निजी अस्पताल ले गए थे।

निजी अस्पताल में भी उनकी हालत में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। गुरुवार शाम सांस लेने में परेशानी बढ़ने पर परिजन उन्हें फिर कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकीय जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

विशेषज्ञों की निगरानी में चल रहा था इलाज

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, चांदनी की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही थी। गंभीर रूप से झुलसने के कारण उनका उपचार चुनौतीपूर्ण बना हुआ था। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

तीन मंजिला मकान में धमाके के बाद ढह गई थी इमारत

पैगंबरपुर में 15 अक्टूबर की शाम करीब पांच बजे राजू खान के तीन मंजिला मकान में जोरदार विस्फोट हुआ था। धमाके के बाद इमारत ढह गई थी। हादसे में चांदनी गंभीर रूप से झुलस गई थीं, जबकि उनके बेटे अदीब को भी गंभीर चोटें आई थीं। घटना के बाद राजू खान, उसकी मां और बड़ा बेटा आदिल मौके से चले गए थे। पुलिस ने उसी दिन कार्रवाई करते हुए राजू खान को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया था। चांदनी की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे में घायल अदीब का अस्पताल में उपचार जारी है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *