हैदराबाद के इंजीनियरिंग कॉलेज में बड़ा हादसा, डांडिया कार्यक्रम के दौरान गिरा लाइटिंग आर्च; दो की मौत, 14 घायल

हैदराबाद के इंजीनियरिंग कॉलेज में बड़ा हादसा, डांडिया कार्यक्रम के दौरान गिरा लाइटिंग आर्च; दो की मौत, 14 घायल

(रणभेरी): तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के नादेरगुल स्थित एमवीएसआर इंजीनियरिंग कॉलेज में शनिवार रात डांडिया कार्यक्रम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। तेज हवाओं के बीच रोशनी और सजावट के लिए लगाया गया आर्च अचानक गिर पड़ा। इसकी चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य घायल हो गए।

हादसे में जान गंवाने वालों में वनापर्थी की रहने वाली सोनी भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि सोनी की बहन भी इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुई हैं। उन्हें बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में स्थानांतरित किया गया है। घायलों में से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें इलाज के लिए एलबी नगर स्थित कामिनेनी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

तेज हवाओं के बीच गिरा सजावट का ढांचा

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, कॉलेज परिसर में डांडिया कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान मौसम खराब होने और तेज हवाएं चलने के बीच लाइटिंग व सजावट के लिए लगाया गया ढांचा गिर गया। इसकी चपेट में कई लोग आ गए। हादसे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

हैदराबाद के इंजीनियरिंग कॉलेज में बड़ा हादसा, डांडिया कार्यक्रम के दौरान गिरा लाइटिंग आर्च; दो की मौत, 14 घायल

परिजनों ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

मृतका के चाचा सुरेश के मुताबिक, उन्हें शाम करीब सात बजे घटना की जानकारी मिली। उन्होंने बताया कि उनके परिचित अशोक ने फोन कर हादसे के बारे में बताया था। उनके अनुसार, सजावट का खंभा सोनी के सिर पर गिर गया था। सुरेश ने बताया कि जब वह अस्पताल पहुंचे और चिकित्साकर्मियों से जानकारी ली, तो उन्हें बताया गया कि सोनी की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी। परिजनों ने घटना को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

उनका आरोप है कि कार्यक्रम में उचित सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे और संभावित खतरे को लेकर लापरवाही बरती गई। फिलहाल, हादसे के बाद कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा इंतजामों और सजावट के ढांचे की मजबूती को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना की जिम्मेदारी तय करने के लिए मामले की जांच से जुड़े तथ्यों की पुष्टि होना जरूरी है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *