‘पीएम कम्प्रोमाइज’ के खिलाफ युवा कांग्रेस का हल्लाबोल

'पीएम कम्प्रोमाइज’ के खिलाफ युवा कांग्रेस का हल्लाबोल

मार्च रोका गया, पीएम कार्यालय घेराव से पहले ही पुलिस ने लगाया ब्रेक

मैदागिन स्थित कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात, कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोका

राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन अधिकृत अधिकारी को सौंपा, गिरफ्तारी के विरोध में जताई नाराज़गी

नेताओं का आरोप – लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन, दमनात्मक रवैया बंद न हुआ तो आंदोलन होगा व्यापक

वाराणसी (रणभेरी): महानगर युवा कांग्रेस के तत्वावधान में शुक्रवार को आयोजित “पीएम कम्प्रोमाइज” कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री संसदीय कार्यालय के घेराव के लिए निकाले जा रहे शांतिपूर्ण मार्च को पुलिस ने बीच रास्ते में रोक दिया। भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के विरोध में निकाले गए इस पैदल मार्च के दौरान मैदागिन स्थित पार्टी कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा और कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी गई।

कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे मुख्य रूप से उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर युवा कांग्रेस अध्यक्ष चंचल शर्मा ने की। कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां और संविधान की प्रस्तावना लेकर शांतिपूर्ण ढंग से मार्च में शामिल हुए थे। पुलिस द्वारा आगे बढ़ने से रोके जाने के बाद कार्यकर्ताओं ने वहीं पर माननीया राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन अधिकृत अधिकारी को सौंप दिया।

'पीएम कम्प्रोमाइज’ के खिलाफ युवा कांग्रेस का हल्लाबोल

महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से निकाले जा रहे मार्च को रोकना सरकार की असहिष्णु मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, जो लोकतंत्र की मूल भावना के विपरीत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव लोकतांत्रिक मूल्यों की पक्षधर रही है और अन्यायपूर्ण कदमों के खिलाफ संघर्ष करती रही है।

युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी और राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु को जेल भेजे जाने को उन्होंने लोकतांत्रिक परंपराओं के विरुद्ध बताया। महानगर युवा कांग्रेस अध्यक्ष चंचल शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध युवाओं का मौलिक अधिकार है। एआई समिट के दौरान भारतीय युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शालीनता और लोकतांत्रिक दायरे में अपनी मांगें रखीं, बावजूद इसके कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

उन्होंने कहा कि पुलिसिया शक्ति के दम पर विचारों को कैद नहीं किया जा सकता। यदि गिरफ्तार साथियों को शीघ्र रिहा नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। विरोध प्रदर्शन में मयंक चौबे, ओम शुक्ला, अनुपम राय, धीरज सोनकर, मो. जिशान, विनीत चौबे, महेश चौबे, अरुणेश सिंह, अनिल चौधरी, किशन यादव, ऋषभ दुबे, मुरारी पांडेय, अनिल पटेल, प्रमोद यादव और अभिषेक पटेल सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *