शादी के बाद पति के साथ रहने से किया इनकार, समझाने पर ससुराल पहुंचकर मारपीट का आरोप; भेलूपुर थाने में नामजद मुकदमा दर्ज
वाराणसी (रणभेरी): शहर के भेलूपुर क्षेत्र में एक युवक ने अपनी पत्नी सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। युवक का आरोप है कि शादी के बाद से उसकी पत्नी उसके साथ रहने को तैयार नहीं हुई और लगातार संबंध खत्म करने की बात करती रही। इतना ही नहीं, विदाई के लिए आने पर उसे “नीले ड्रम” जैसी घटना की धमकी भी दी गई।पुलिस ने शनिवार को शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी के बाद दूरी बनाकर रही पत्नी
डुमराव कॉलोनी निवासी गौरव कुमार सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी 1 जनवरी 2025 को बिहार के भभुआ जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र के छोटी कुल्हड़िया गांव की रहने वाली स्मिता सिंह से हुई थी। शादी के अगले दिन विदाई के बाद वह पत्नी को घर लेकर आया।
गौरव के मुताबिक, शादी की पहली रात से ही पत्नी ने उससे दूरी बना ली और साथ रहने से इंकार कर दिया। दो दिन बाद वह नौकरी पर लौट गया।
विदाई के नाम पर दी धमकी
युवक ने आरोप लगाया कि जब परिवार की ओर से पत्नी को वापस लाने की बात की गई तो उसने फोन पर चेतावनी दी कि अगर विदाई के लिए आए तो “नीले ड्रम” जैसी घटना दोहरा देगी। डर के कारण वह उसे लेने नहीं गया और लगभग एक साल तक विदाई नहीं हो सकी।
बात करने बुलाया तो हुई मारपीट
गौरव ने बताया कि फरवरी 2026 में उसने पत्नी को सूचना दी कि वह होली की छुट्टियों में घर आएगा और दोनों परिवार बैठकर बात कर लें। आरोप है कि 3 मार्च की रात करीब 9 बजे पत्नी अपने भाई आनंद राठौर, मनोरंजन राठौर, जीजा विजय और उसके बड़े भाई राजू के साथ उसके घर पहुंची।
युवक का कहना है कि बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और सभी ने मिलकर उसके साथ मारपीट की तथा धमकी देते हुए वहां से चले गए।
पुलिस ने दर्ज किया केस
भेलूपुर थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी के मुताबिक, पीड़ित की शिकायत पर पत्नी स्मिता सिंह और उसके चार रिश्तेदारों के खिलाफ BNS की धारा 351(2), 352, 115(2), 333 और 191(2) के तहत नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
