वाराणसी: बुआ के दाह संस्कार में गए भतीजे और दोस्त की गंगा में डूबकर मौत, बेटावर घाट पर मचा हड़कंप

वाराणसी: बुआ के दाह संस्कार में गए भतीजे और दोस्त की गंगा में डूबकर मौत, बेटावर घाट पर मचा हड़कंप

वाराणसी (रणभेरी): रोहनिया थाना क्षेत्र के बेटावर घाट पर शुक्रवार शाम एक दुखद हादसे में दो किशोरों की गंगा में डूबने से मौत हो गई। दोनों युवक दाह संस्कार में शामिल होने के बाद नहाने के लिए नदी में उतरे थे। सूचना मिलते ही पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और कुछ देर की तलाश के बाद दोनों के शव बरामद कर लिए।

जानकारी के अनुसार परमानंदपुर निवासी 19 वर्षीय अजीत कुमार पटेल अपनी बुआ के अंतिम संस्कार में शामिल होने बेटावर घाट गया था। उसके साथ पड़ोस का रहने वाला 15 वर्षीय मित्र हर्ष पटेल उर्फ तनु भी मौजूद था। अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों युवक गंगा में स्नान करने लगे। घाट पर मौजूद लोगों ने उन्हें आगे गहरे पानी में न जाने की चेतावनी भी दी थी, लेकिन दोनों कुछ दूरी तक चले गए।

बताया जा रहा है कि नहाते समय हर्ष अचानक गहरे पानी में डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में अजीत भी आगे बढ़ा, लेकिन वह भी संतुलन खो बैठा और गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते दोनों पानी में समा गए। आसपास के लोगों ने उन्हें बचाने के लिए नदी में छलांग लगाई, परंतु तब तक देर हो चुकी थी।

वाराणसी: बुआ के दाह संस्कार में गए भतीजे और दोस्त की गंगा में डूबकर मौत, बेटावर घाट पर मचा हड़कंप

घटना की सूचना मिलते ही रोहनिया पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से पहले हर्ष का शव बाहर निकाला गया। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम ने तलाशी अभियान चलाकर अजीत का शव भी बरामद कर लिया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
परिजनों के अनुसार हर्ष अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज में पढ़ाई कर रहा था। वहीं अजीत बिजली विभाग में मजदूरी कर परिवार का सहारा बना हुआ था। वह अपने भाइयों में दूसरे नंबर पर था। घटना की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।

रोहनिया पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घाट पर सुरक्षा को लेकर भी स्थानीय स्तर पर सतर्कता बरतने की बात कही गई है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *