वाराणसी एयरपोर्ट रनवे अपग्रेड: आज रात 11:30 बजे से सालभर रोज 8 घंटे बंद रहेगा रनवे, देर रात नहीं होगी लैंडिंग

वाराणसी एयरपोर्ट रनवे अपग्रेड: आज रात 11:30 बजे से सालभर रोज 8 घंटे बंद रहेगा रनवे, देर रात नहीं होगी लैंडिंग

वाराणसी (रणभेरी): लाल बहादुर शास्त्री इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रनवे को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करने की तैयारी अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। इस परियोजना के तहत सोमवार रात 11:30 बजे से बड़े तकनीकी कार्य शुरू होंगे।

एयरपोर्ट अथॉरिटी ने जानकारी दी है कि रोजाना रात में 8 घंटे के लिए रनवे ब्लॉक रहेगा, जिसके चलते देर रात विमानों की लैंडिंग अस्थायी रूप से बंद रहेगी। यह व्यवस्था लगभग एक वर्ष तक लागू रह सकती है।

रनवे को मजबूत और विस्तारित किया जाएगा

एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, कोहरे के दौरान विमानों की सुरक्षित लैंडिंग बड़ी चुनौती होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए रनवे की स्ट्रेंथ बढ़ाने और एक्सटेंशन का काम किया जाएगा। इस प्रक्रिया के बाद भविष्य में वाइड बॉडी और भारी श्रेणी के विमानों की सुरक्षित लैंडिंग व टेकऑफ संभव हो सकेगा।

आधुनिक तकनीक से लैस होगा एयरफील्ड

परियोजना के तहत रनवे की सतह को मजबूत बनाने के साथ एयरफील्ड ग्राउंड लाइटिंग सिस्टम का आधुनिकीकरण और कैट-I इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम को अपग्रेड किया जाएगा। इसके अलावा कई अन्य तकनीकी सुधार भी इस अवधि में पूरे किए जाएंगे, जिससे रात और घने कोहरे में उड़ान संचालन अधिक सुरक्षित होगा।

एक साल तक जारी रह सकता है नाइट ब्लॉक

अधिकारियों का कहना है कि सभी कार्यों को पूरा करने में करीब एक वर्ष का समय लग सकता है और जरूरत पड़ने पर ब्लॉक की अवधि बढ़ाई भी जा सकती है। सोमवार रात से इस दिशा में काम शुरू कर दिया जाएगा।

दिल्ली-वाराणसी फ्लाइट का समय बदला

रनवे ब्लॉक के चलते इंडिगो ने दिल्ली से वाराणसी आने वाली अपनी एक फ्लाइट का समय बदल दिया है। पहले यह विमान सुबह 6:05 बजे पहुंचता था, जो अब मंगलवार से 6:45 बजे वाराणसी पहुंचेगा। परियोजना पूरी होने के बाद वाराणसी एयरपोर्ट की क्षमता और सुरक्षा मानकों में बड़ा सुधार होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *