- 22, 24 और 25 अक्टूबर को शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध
- रिंग रोड और एनएच-19 से गुजारे जाएंगे मालवाहक वाहन व बसें
- नमो घाट पर एयर शो के दौरान लागू रहेगी विशेष यातायात व्यवस्था
वाराणसी (रणभेरी): नमो घाट पर आयोजित होने वाले भव्य एयर शो और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत अन्य वीवीआईपी मेहमानों के आगमन को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर के लिए विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी किया है। एयर शो के मद्देनजर 22, 24 और 25 अक्टूबर को शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। मालवाहक वाहनों, रोडवेज और निजी बसों के साथ बाहर से आने वाले टेंपो ट्रैवलर को भी शहर के भीतर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इन वाहनों को रिंग रोड और राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के रास्ते निकाला जाएगा। यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए शहर के प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन लागू रहेगा, जबकि दर्शकों के वाहनों की पार्किंग के लिए 56 स्थान निर्धारित किए गए हैं।
यातायात पुलिस के अनुसार, एयर शो सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे के बीच आयोजित होगा। इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर राजघाट गंगा पुल पर वाहनों के साथ पैदल यात्रियों की आवाजाही भी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। पुल पर रुकने की अनुमति भी नहीं होगी। शो समाप्त होने के बाद ही स्थिति के अनुसार आवागमन बहाल किया जाएगा। पड़ाव से नमो घाट के बीच राजघाट पुल पर विशेष प्रतिबंध लागू रहेंगे।
भारी वाहनों को रिंग रोड से गुजारा जाएगा
शहर में जाम की स्थिति से बचने के लिए भारी और व्यावसायिक वाहनों को बाहरी मार्गों से निकाला जाएगा। मिर्जापुर और सोनभद्र की ओर से आने वाले भारी वाहनों को औराई और भदोही के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा। रोडवेज और निजी बसों के संचालन पर भी शहर के भीतर प्रतिबंध रहेगा। हालांकि, एंबुलेंस, दमकल और अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहनों को नियमानुसार छूट दी जाएगी। स्थानीय चारपहिया वाहनों को भी निर्धारित यातायात नियमों के अनुसार आवागमन की अनुमति होगी।
सामनेघाट पुल पर दोपहिया वाहनों को छूट
यातायात पुलिस ने गंगा पर बने पुलों के लिए अलग-अलग व्यवस्था निर्धारित की है। राजघाट पुल पर वाहनों और पैदल यात्रियों का आवागमन बंद रहेगा। वहीं, सामनेघाट-रामनगर पुल पर पैदल यात्रियों और दोपहिया वाहनों को आने-जाने की अनुमति होगी, जबकि चारपहिया और भारी वाहन यहां से नहीं गुजर सकेंगे। दूसरी ओर, रिंग रोड-3 के संदहा-पंचफेड़वा स्थित गंगा पुल और विश्वसुंदरी पुल पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही जारी रहेगी।
10 प्रमुख मार्ग केवल पैदल यात्रियों के लिए निर्धारित
एयर शो के दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर पैदल यात्रियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के अनुसार, मैदागिन से गोदौलिया, लक्सा से रामापुरा और अस्सी से रविदास घाट समेत 10 प्रमुख मार्गों को पैदल आवागमन के लिए निर्धारित किया गया है।
इसके अलावा लहुराबीर से बेनिया तिराहे, पिपलानी तिराहे से मैदागिन चौराहे, बहादुरपुर रोड से पड़ाव होते हुए रामनगर चौराहे तक तथा पड़ाव से सूजाबाद और राजघाट पुल के रास्ते नमो घाट की ओर पैदल आवाजाही की व्यवस्था रहेगी। ब्रॉडवे होटल, रविंद्रपुरी से अग्रवाल तिराहे और सोनारपुरा से गोदौलिया तक भी पैदल यात्रियों को आवागमन की अनुमति होगी। संवेदनशील मार्गों पर बैरिकेडिंग की जाएगी और दर्शकों के लिए अलग पैदल रास्ते निर्धारित रहेंगे।
56 स्थानों पर होगी पार्किंग
एयर शो देखने आने वाले दर्शकों और स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए शहर के अलग-अलग इलाकों में 56 पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। इनमें गोदौलिया मल्टीलेवल पार्किंग, बेनियाबाग मैदान, टाउनहॉल मैदान, मच्छोदरी पार्किंग ग्राउंड और नेशनल इंटर कॉलेज, पीलीकोठी प्रमुख हैं।
कैंट और वरुणा पार क्षेत्र में क्वींस कॉलेज, संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय का मैदान तथा बीएचयू परिसर के निर्धारित स्थलों पर वाहन खड़े किए जा सकेंगे। अस्सी, लंका और रामनगर क्षेत्र में अस्सी व सामनेघाट के निर्धारित मैदान, पीएसी ग्राउंड रामनगर, रामबाग ग्राउंड, दुर्गा मंदिर मैदान, पंचवटी मैदान और लंका मैदान में भी पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन ले जाने और सड़क किनारे पार्किंग करने से बचें, ताकि यातायात बाधित न हो।
वीवीआईपी और आपातकालीन वाहनों के लिए ग्रीन कॉरिडोर
एयर शो के दौरान नमो घाट, राजघाट, दशाश्वमेध-अस्सी और रामनगर क्षेत्र में विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। वीवीआईपी मेहमानों और आपातकालीन सेवाओं के वाहनों की निर्बाध आवाजाही के लिए ग्रीन कॉरिडोर निर्धारित किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहेगा और यातायात को नियंत्रित करने के लिए आवश्यकतानुसार डायवर्जन लागू किए जाएंगे।
परेशानी होने पर इन नंबरों पर करें संपर्क
यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि एयर शो के दौरान घर से निकलने से पहले अपने गंतव्य तक जाने वाले मार्ग की जानकारी अवश्य लें। जरूरी काम होने पर अतिरिक्त समय लेकर निकलें और पुलिस के निर्देशों का पालन करें।
