वाराणसी (रणभेरी): जिले में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब जिला जज के ई-मेल पर कचहरी परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना सामने आई। रात करीब 1:30 बजे आए इस धमकी भरे मेल की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट हो गया।

सूचना मिलते ही बार पदाधिकारियों ने आपात बैठक बुलाकर स्थिति की समीक्षा की, जबकि अधिवक्ताओं ने भी अपने स्तर पर चैंबर और परिसर में संदिग्ध वस्तुओं की जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल ने ई-मेल की तकनीकी जांच शुरू कर दी है।

घटना की सूचना पर बम निरोधक दस्ता तत्काल मौके पर पहुंचा और कचहरी परिसर की गहन तलाशी ली। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया। अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था शिवहरि मीणा मौके पर पहुंचे और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

भारी पुलिस फोर्स तैनात
कचहरी परिसर में तीन कंपनी पीएसी के साथ डीसीपी, एडीसीपी, एसीपी और चार इंस्पेक्टर सहित 50 से अधिक पुलिसकर्मियों की टीम ने सघन जांच अभियान चलाया। सुरक्षा एजेंसियां परिसर के हर कोने की तलाशी ले रही हैं।
ई-मेल में एक पंक्ति में धमकी दी गई थी कि अधिवक्ताओं और जजों को बम से उड़ाया जाएगा। यह खबर शहर में आग की तरह फैल गई। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

कैंट रेलवे स्टेशन पर भी बढ़ाई गई सुरक्षा
धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने एहतियात के तौर पर कैंट रेलवे स्टेशन पर भी चेकिंग अभियान चलाया। टिकट काउंटर से लेकर प्रवेश द्वार और सभी प्लेटफॉर्म पर सुरक्षाकर्मियों ने सघन जांच की। फिलहाल प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में बताते हुए कहा है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सुरक्षा के सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं।
