- वसंत पंचमी व महाशिवरात्रि पर श्रद्धालुओं को नहीं होगी असुविधा
- महापौर ने स्मार्ट सिटी सभागार में की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
वाराणसी (रणभेरी )। देश की सांस्कृतिक और धार्मिक नगरी काशी में वसंत पंचमी व महाशिवरात्रि के महापवों को भव्य और सुव्यवस्थित बनाया जाएगा। प्रतिमा विसर्जन के लिए अस्थायी कुंड और शिवालयों वाले मार्ग जहां गड्डा मुक्त होंगे, वहीं सरस्वती पूजा पंडालों के पास सफाई व चूना छिड़काव के साथ सीवर व्यवस्था दुरूस्त होगी। इसके लिए नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसको लेकर सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में बुधवार को आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान महापौर अशोक कुमार तिवारी ने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में अल्टीमेटम दिया कि त्योहारों से पहले शहर की सूरत बदली हुई नजर आनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधाओं में किसी भी तरह की कोताही या लापरवाही अक्षम्य नही होगी। उन्होंने पूजा पंडालों के आसपास सफाई व्यवस्था चाक-चौबंद रखे जाने और नियमित रूप से चूने का छिड़काव सुनिश्चित कराए जाने का निर्देश दिया। महापौर ने पूजा समितियों और संचालकों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम करने को कहा ताकि किसी भी क्षेत्र में सीवर ओवरफ्लो या गंदगी की समस्या न रहे।? उन्होंने सरस्वती की प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए अस्थायी कुंडों का निर्माण तत्काल कराने के साथ ही जो कुंड पहले से बने हुए हैं, उनकी तत्काल सफाई कराकर उनमें पर्याप्त पानी की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया ताकि विसर्जन के समय भक्तों को असुविधा न हो और गंगा नदी को प्रदूषण से बचाया जा सके।
