वाराणसी एयरपोर्ट की सुरक्षा में सेंध की कोशिश: बाउंड्री फांदकर घुसा संदिग्ध, पीएम मोदी को बताया अपना बेटा

वाराणसी एयरपोर्ट की सुरक्षा में सेंध की कोशिश: बाउंड्री फांदकर घुसा संदिग्ध, पीएम मोदी को बताया अपना बेटा

वाराणसी (रणभेरी): बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के ‘हाई-सिक्योरिटी’ जोन में बुधवार देर रात एक युवक ने घुसपैठ की कोशिश की। रात करीब 1 बजे जब पूरा परिसर शांत था, तभी एक व्यक्ति को रनवे की ओर जाने वाली चहारदीवारी लांघते हुए देखा गया। मुस्तैद सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे बाउंड्री वॉल पर ही दबोच लिया।

अजीबो-गरीब दावों से सुरक्षाकर्मी हैरान

पकड़े जाने के बाद जब सुरक्षा एजेंसियों ने युवक से पूछताछ शुरू की, तो वह बहकी-बहकी बातें करने लगा। उसकी बातों ने सुरक्षाकर्मियों को उलझन में डाल दिया। पूछताछ के दौरान उसने दावा किया कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेरे बेटे हैं।” इस अजीबोगरीब बयान के बाद सुरक्षा एजेंसियां उसकी मानसिक स्थिति को लेकर सतर्क हो गईं।

शुरुआती छानबीन में पता चला कि पकड़ा गया युवक अंशु पांडेय वाराणसी के लोहता क्षेत्र का निवासी है। परिजनों के मुताबिक, अंशु मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसका इलाज शिवपुर के मानसिक चिकित्सालय में चल रहा था। वह कुछ दिन पहले अस्पताल से लापता हो गया था, जिसके बाद से घरवाले उसे तलाश रहे थे।

घटना की जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन ने परिजनों को बुलाया। परिजनों द्वारा उसकी पहचान की पुष्टि किए जाने के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की गई। प्रारंभिक जांच में उसके पास से कोई आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई।

एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा मानकों के तहत त्वरित कार्रवाई की गई। ऑपरेशनल गतिविधियों पर कोई असर नहीं पड़ा। मामले की सूचना संबंधित पुलिस व अन्य सुरक्षा एजेंसियों को दे दी गई है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *