लंका चौराहे पर जाम कम करने को पुलिस का नया ट्रैफिक प्लान, ई-रिक्शा डायवर्ट

लंका चौराहे पर जाम कम करने को पुलिस का नया ट्रैफिक प्लान, ई-रिक्शा डायवर्ट

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के व्यस्त लंका चौराहे पर लगने वाले रोजाना के जाम से राहत दिलाने के लिए पुलिस ने नया ट्रैफिक प्रयोग शुरू किया है। बुधवार को एसीपी गौरव कुमार और एसीपी ट्रैफिक ने लंका क्षेत्र में ई-रिक्शा के लिए नई डायवर्जन व्यवस्था लागू कराने के निर्देश दिए।

नई व्यवस्था के अनुसार, सामनेघाट की तरफ से लंका आने वाले किसी भी ई-रिक्शा को अब चौराहे तक जाने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे वाहनों को बीच रास्ते से ही वापस सामनेघाट या भगवानपुर की ओर मोड़ दिया जाएगा। इसी तरह नरिया की तरफ से आने वाले ई-रिक्शा को रश्मि नगर की दिशा में डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, रविंद्रपुरी से लंका की ओर आने वाले ई-रिक्शा रविदास गेट के पास ही रोककर वापस भेजे जाएंगे।

ई-रिक्शा चालकों के लिए नगवा चौकी, रश्मि नगर और रविदास गेट के आसपास निर्धारित स्थानों पर रुकने की व्यवस्था की गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार लंका चौराहा शहर के सबसे व्यस्त स्थानों में शामिल है, जहां सुबह से देर रात तक ट्रैफिक दबाव बना रहता है। अनियंत्रित तरीके से चल रहे ई-रिक्शा जाम की प्रमुख वजह माने जा रहे थे। नए ट्रैफिक प्लान के परीक्षण के दौरान यातायात अपेक्षाकृत सुचारू रहा।

यदि व्यवस्था सफल रहती है तो इसे स्थायी रूप से लागू करने पर विचार किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि भविष्य में शहर के अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी इसी तरह के प्रयोग किए जा सकते हैं। स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे लंका चौराहे पर जाम की समस्या में कमी आएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *