वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के वार्ड नंबर 27 स्थित आजाद नगर (बजरडीहा) में लंबे समय से चली आ रही सीवर जाम और जलभराव की समस्या को लेकर मंगलवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों ने जलकल विभाग के कार्यालय पर पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता भी शामिल हुए और जमीन पर बैठकर नारेबाजी करते हुए अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।
सड़कों पर भरा गंदा पानी, लोगों की बढ़ी परेशानी
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इलाके की सीवर लाइन महीनों से जाम पड़ी है, जिसके कारण गंदा पानी गलियों और सड़कों पर जमा रहता है। इससे न केवल आवाजाही मुश्किल हो गई है, बल्कि संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, जिससे क्षेत्र में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

अधिकारियों की बैठक के बीच पहुंची पुलिस
धरना जारी रहने के दौरान जलकल विभाग के महाप्रबंधक और अन्य अधिकारी नगर आयुक्त के साथ बैठक में व्यस्त थे। इसी बीच रेवड़ी तालाब चौकी प्रभारी शिवम श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और उन्होंने फोन पर वरिष्ठ अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया। इसके बाद विभाग ने तत्काल कर्मचारियों को मौके पर भेजकर सफाई अभियान शुरू कराने का आश्वासन दिया।
प्रशासन ने मांगा 10 दिन का समय
प्रदर्शन में शामिल अमन यादव ने बताया कि अधिकारियों ने भरोसा दिया है कि सीवर सफाई और जलनिकासी की व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त होने तक अभियान जारी रहेगा। साथ ही समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रशासन ने 10 दिन का समय मांगा है। आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया। धरने में अब्दुल्ला शाहिद, बाबू भारती समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
