वाराणसी (रणभेरी): भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के दो बड़े सितारों के बीच चल रही जुबानी खींचतान एक बार फिर सुर्खियों में है। वाराणसी में आयोजित पिंडरा महोत्सव के मंच से भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह ने बिना किसी का नाम लिए अपने ही एक साथी कलाकार पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग लगातार बोल रहे हैं, लेकिन वह हर बात का जवाब देना जरूरी नहीं समझते।
पवन सिंह ने मंच से कहा कि आज का दौर डिजिटल है, मोबाइल हर किसी के हाथ में है और एक ही स्क्रीन स्वाइप में साफ दिख जाता है कि कौन क्या कह रहा है। उन्होंने जोड़ा कि ऐसी बातों को देखकर उन्हें गुस्से से ज्यादा हंसी आती है।
इस बयान के पीछे की पृष्ठभूमि हाल ही में कोलकाता में हुए एक कार्यक्रम से जुड़ी है, जहां भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव ने मंच से अपने समकालीन कलाकारों पर कटाक्ष किया था। खेसारी ने अभिनेता रवि किशन की नकल उतारते हुए कहा था कि कोई उनके “पिता” बनने की कोशिश न करे। वहीं पवन सिंह पर भी व्यक्तिगत टिप्पणी की गई थी, जिसे इंडस्ट्री में काफी चर्चा मिली।

इससे पहले गोरखपुर महोत्सव के दौरान रवि किशन और पवन सिंह एक ही मंच पर मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान रवि किशन ने भी बिना नाम लिए एक अभिनेता पर तंज कसते हुए कहा था कि इंडस्ट्री में एक कलाकार ऐसा है जो शुरुआत में दोनों पैर छूकर सम्मान करता था, लेकिन स्टारडम मिलते ही उसका अंदाज़ बदल गया।
रवि किशन के इस बयान के जवाब में खेसारी लाल यादव ने कोलकाता में एक कार्यक्रम के दौरान उनकी मिमिक्री करते हुए पलटवार किया। उन्होंने कहा कि सम्मान करने वाला उनका भाई है, वरना आजकल तो बेटे भी पिता के पैर नहीं छूते। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके जन्मदाता पिता का नाम मंगरु यादव है और किसी को उनके पिता बनने की जरूरत नहीं है।
भोजपुरी सिनेमा के इन दिग्गज सितारों के बीच चल रही यह जुबानी जंग अब मंचों से निकलकर सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म तक फैल चुकी है, जहां प्रशंसक भी अपने-अपने चहेते कलाकारों के समर्थन में खुलकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
