वाराणसी (रणभेरी): महाशिवरात्रि के अवसर पर काशी की विश्वप्रसिद्ध शिव बारात इस बार होली के रंगों और बनारसी हुड़दंग के खास अंदाज में नजर आई। पूरे शहर में सांस्कृतिक उल्लास और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस बारात की खास बात यह रही कि फिल्म अभिनेता संजय मिश्रा भी अचानक इसमें शामिल हो गए और पूरे उत्साह के साथ बाराती बनकर झूमते दिखे।
बताया जा रहा है कि अभिनेता किसी निजी कार्यक्रम के सिलसिले में वाराणसी आए हुए थे। इसी दौरान उन्हें शिव बारात निकलने की जानकारी मिली तो वे खुद को रोक नहीं पाए और एक रथ पर बैठकर बारात में शामिल हो गए। जैसे ही लोगों ने उन्हें देखा, उत्साहित भीड़ ने बनारसी अंदाज में उनका स्वागत किया। अभिनेता भी भक्ति गीतों की धुन पर नाचते नजर आए और काशी के माहौल की जमकर सराहना की।

बाबा विश्वनाथ के दरबार में लिया आशीर्वाद
बारात के समापन पर मंदिर द्वार पहुंचकर संजय मिश्रा ने बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि काशी का यह अनोखा रंग उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा। करीब चार घंटे तक बारात में शामिल रहे अभिनेता के साथ बड़ी संख्या में युवाओं ने सेल्फी भी ली।

4 किलोमीटर की यात्रा में लगा 7 घंटे का समय
शिव बारात शाम करीब पांच बजे दारानगर से शुरू होकर मैदागिन, बुलानाला, नीचीबाग, आसभैरव, चौक, ज्ञानवापी और गोदौलिया होते हुए दशाश्वमेध स्थित चितरंजन पार्क पहुंचकर समाप्त हुई। करीब चार किलोमीटर लंबी यह यात्रा सात घंटे में पूरी हुई। रास्ते भर श्रद्धालु दूल्हा बने भगवान भोलेनाथ का तिलक कर स्वागत करते रहे।

पूरे मार्ग पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस और प्रशासन ने ड्रोन के जरिए यात्रा पर लगातार निगरानी रखी।

हास्य, व्यंग्य, लोकगीत, रंग और भक्ति के संगम ने काशी की शिव बारात को एक बार फिर शहर की पहचान बना दिया।
