खेलते-खेलते मौत का शिकार हुई मासूमियत

खेलते-खेलते मौत का शिकार हुई मासूमियत

कनेर का फल खाने से तीन बच्चियों की मौत, करधना गांव में हृदयविदारक हादसा, पूरे इलाके में पसरा मातम

वाराणसी (रणभेरी): मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के करधना गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। खेल-खेल में जहरीले कनेर (कनीयल) का फल खाने से तीन मासूम बच्चियों की मौत हो गई। इस घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृत बच्चियों की पहचान हर्षिता (6), अंशिका (3) और नैंसी (4) के रूप में हुई है। हर्षिता और अंशिका सगी बहनें थीं। पुलिस के अनुसार गांव में सात बच्चे एक साथ खेल रहे थे, इसी दौरान तीन बच्चियों ने अनजाने में कनेर का फल खा लिया। कुछ ही देर में उनकी तबीयत बिगड़ गई और तेज पेट दर्द शुरू हो गया। परिजन उन्हें तत्काल स्थानीय चिकित्सालय ले गए, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया।

इलाज के लिए ले जाते समय हर्षिता और अंशिका ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। तीसरी बच्ची नैंसी को बीएचयू अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस और अपर पुलिस उपायुक्त गोमती ज़ोन वैभव बांगर मौके पर पहुंचे। जांच में किसी आपराधिक साजिश के संकेत नहीं मिले हैं। प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों को जहरीले पौधों और फलों से दूर रखें तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत चिकित्सा सहायता लें।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *