वाराणसी (रणभेरी): शहर में ध्वनि प्रदूषण और यातायात बाधित करने के मामलों पर पुलिस ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। शिवपुर थाना क्षेत्र में वाराणसी–बाबतपुर फोरलेन पर तेज आवाज में डीजे बजाने और सड़क पर जाम की स्थिति पैदा करने के आरोप में एक डीजे संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार रात करीब 10 बजे शिवपुर पुलिस टीम गश्त के साथ अतिक्रमण हटाओ अभियान चला रही थी। इसी दौरान गिलट बाजार तिराहे से तरना ओवरब्रिज की ओर जाते समय कादम्बनी लॉन के पास सड़क पर भारी भीड़ और वाहनों की लंबी कतार दिखाई दी। मौके पर डीजे सिस्टम पर अत्यधिक तेज ध्वनि में गाने बजाए जा रहे थे, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी हो रही थी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर डीजे संचालक आशीष कश्यप निवासी दीनदासपुर, जंसा को तत्काल डीजे बंद करने और सड़क खाली कराने का निर्देश दिया। आरोप है कि यातायात बाधित होने के बावजूद संचालक ने पुलिस की बात को गंभीरता से नहीं लिया। बार-बार समझाने के बाद भी जब स्थिति नियंत्रित नहीं हुई तो पुलिस ने कानूनी कार्रवाई की।
शुक्रवार शाम आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। शिवपुर इंस्पेक्टर वीरेंद्र सोनकर ने बताया कि ट्रैफिक व्यवस्था में बाधा डालने और ध्वनि प्रदूषण नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
