वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रजनहिया गांव निवासी सतीश पटेल (25) के रूप में हुई है। परिजनों ने मामले में हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस फिलहाल इसे दुर्घटना से हुई मौत मानकर जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह शराब के ठेके के पास एक युवक का शव लावारिस हालत में पड़ा मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया था। बाद में पहचान होने पर पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
शव गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने सतीश का शव सड़क पर रखकर जाम लगाने की कोशिश की। सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस बल पहुंच गया। एसीपी विदुष सक्सेना ने ग्रामीणों और परिजनों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ और अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मृतक के पिता अशोक पटेल ने बताया कि 8 मार्च को सतीश टी-20 वर्ल्ड कप मैच देखने के लिए पड़ोसी गांव बाइक से गया था। रात तक घर वापस नहीं लौटा। अगले दिन सुबह उसके भाई विजय ने घर से कुछ दूरी पर स्थित शराब के ठेके के पास उसकी बाइक खड़ी देखी, जहां आसपास खून के निशान भी मिले।
इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।परिजनों का आरोप है कि सतीश की हत्या की गई है। वहीं पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क हादसे से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि परिजनों की शिकायत के आधार पर हत्या की आशंका को भी ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।एसीपी विदुष सक्सेना ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।
