वाराणसी (रणभेरी): पूर्वांचल ही नहीं प्रदेश के चर्चित काशी साहित्य कला उत्सव यानी बनारस लिट फेस्ट का चौथे संस्करण का आज से आगाज होगा। 30 जनवरी 2026 से एक फरवरी तक होने वाले तीन दिवसीय आयोजन में 200 से अधिक वक्ताओं, कलाकार, लेखक एवं परफाॅर्मर के साथ ही 50 देशों के लोग शामिल होंगे।
आज इसका भव्य आगाज शहर के होटल ताज में किया जाएगा, इसके लिए दरबार हॉल समेत ताज परिसर में छह मंचों को बनाया गया है। तीन दिनों में 10 से अधिक भाषाओं में आयोजन के साथ ही सौ से अधिक नई पुस्तकों का लोकार्पण किया जाएगा। 11 श्रेणियों में बनारस लिट फेस्ट अवाॅर्ड दिए जाएंगे। लिट फेस्ट के अध्यक्ष दीपक मधोक और सचिव बृजेश सिंह ने बताया कि आज गंगा आरती के साथ औपचारिक पूजा की गई और संस्करण के शुभारंभ की वैदिक विधि पूरी की गई।
इस कार्यक्रम के लिए सबसे बड़ी हस्ती के रूप में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन को आमंत्रण दिया गया है। इसके अलावा बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद, केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को आमंत्रित किया गया है।
इनके अलावा पूर्व मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़, मैसूर राजवंश के सांसद के एचएस वाडियार, सांसद शशि थरूर, बैडमिंटन खिलाड़ी पुल्लेला गोपीचंद, जापान के चित्रकार मनीष पुष्कले, कथाकार उदय प्रकाश, लेखिका भाविका गोविल, अभिनेता अनुपम खेर, पीयूष मिश्र सहित कई मशहूर हस्तियां शामिल होंगी।
