वाराणसी (रणभेरी): फिल्म अभिनेता अनुपम खैर शुक्रवार को आध्यात्मिक नगरी काशी पहुंचे। अपने प्रवास के दौरान उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ धाम में विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। मंदिर परिसर में उन्होंने शिव मंत्रों का जप करते हुए भगवान भोलेनाथ से आशीर्वाद लिया और “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ अपनी श्रद्धा व्यक्त की। इस अवसर पर उनके साथ जाने-माने ज्योतिषाचार्य चंद्रमौली भी उपस्थित रहे।
बाबा विश्वनाथ के दर्शन के पश्चात अभिनेता अनुपम खैर संकटमोचन हनुमान मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने बजरंगबली के चरणों में शीश नवाकर हनुमान चालीसा का पाठ किया और देश, समाज तथा अपने परिवार की सुख-शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। मंदिर परिसर में उन्होंने कुछ समय तक ध्यान भी किया।

दर्शन-पूजन के बाद मीडिया से बातचीत में अनुपम खैर ने कहा कि काशी आकर उन्हें हर बार आत्मिक शांति का अनुभव होता है। उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ और संकटमोचन महाराज के दर्शन से मन को विशेष सुकून मिलता है। अभिनेता ने यह भी कहा कि वर्तमान समय में देश और समाज को सकारात्मक ऊर्जा, शांति और आपसी एकता की सबसे अधिक आवश्यकता है, इसी भावना के साथ उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की है।

अनुपम खैर के काशी आगमन की जानकारी मिलते ही मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं में उत्साह देखा गया। कई भक्तों ने उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। अभिनेता ने सभी का अभिवादन स्वीकार किया और काशी की आध्यात्मिक गरिमा व सांस्कृतिक महत्त्व की खुले शब्दों में सराहना की।
