जब सरकार झूठ बोलती है तो अफसरशाही के हौसले बुलंद हो जाते हैं
जबरन भूमि अधिग्रहण, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के खिलाफ उठाई आवाज
वाराणसी (रणभेरी): आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी व राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने साफ शब्दों में कहा कि आम आदमी पार्टी किसानों और सामाजिक न्याय के लिए सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष करती रहेगी। सोमवार सुबह कृष्णा बैंक्वेट जक्खिनी से पदयात्रा को आगे बढ़ाते हुए वह राजातालाब क्षेत्र में पहुंचे, जहां जगह-जगह उनका भव्य स्वागत किया गया। मिल्कीपुर, दीपपुर, बाबूराम का पूरा और कृष्ण दत्तपुर में संवाद के दौरान हजारों किसानों ने जबरन भूमि अधिग्रहण का मुद्दा उनके सामने रखा। सांसद संजय सिंह ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी जमीन, उनकी रोजी-रोटी और उनके सम्मान के साथ किसी भी तरह का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी किसानों के साथ खड़ी है और राज्यसभा सत्र शुरू होते ही किसानों के अधिकारों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की जमीन छीनने की नीति पर काम कर रही है, जबकि किसानों को उनका वाजिब हक और उचित मुआवजा मिलना चाहिए।
संजय सिंह ने कहा कि जब सरकार का मुखिया झूठ बोलता है, तो सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के हौसले बुलंद हो जाते हैं और आम जनता, खासकर किसान, पीड़ित होते हैं। उन्होंने बेरोजगारी, पेपर लीक और सरकारी दफ्तरों में व्याप्त भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यदि सरकार युवाओं को रोजगार नहीं दे सकती तो कम से कम हर महीने 10 हजार रुपये बेरोजगारी भत्ता दे। उन्होंने यह भी कहा कि दलितों, पिछड़ों और किसानों के अधिकारों को दबाया जा रहा है और सरकारी व निजी स्कूलों में संविधान की शिक्षा तक नहीं दी जा रही। इस दौरान पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
“आप” की पदयात्रा में चंदौली के कार्यकर्ताओं की दमदार मौजूदगी
आम आदमी पार्टी की पैदल यात्रा में चंदौली जनपद से पहुंचे कार्यकर्ताओं का जोश और उत्साह देखने लायक रहा। चंदौली जिलाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने यात्रा में शामिल होकर राज्यसभा सांसद एवं यूपी प्रभारी संजय सिंह के समर्थन में एकजुटता दिखाई। मुगलसराय, चकिया सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए पदयात्रा को मजबूती प्रदान की।

कार्यकर्ताओं ने आम आदमी पार्टी की नीतियों, किसानों और आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर अपना समर्थन जाहिर किया। उनका कहना था कि पार्टी ईमानदार राजनीति और जनहित के सवालों को लगातार उठाती रही है, इसी वजह से लोगों का भरोसा तेजी से बढ़ रहा है। चंदौली से आए प्रमुख कार्यकर्ताओं में रिजवान (पड़ाव), वीरेंद्र यादव (मुगलसराय), चकिया से धर्म बनवासी, श्रीपति बनवासी, अनिल कुमार, राम वचन बनवासी, गुड्डू बांगर बनवासी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने संगठन को और मजबूत करने का संकल्प लिया।
