(रणभेरी): सोमवार सुबह शहर के नैनी क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। स्कूल जा रही 10 साल की मासूम बच्ची को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि घटनास्थल का दृश्य देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो गए।
जानकारी के अनुसार, घटना नैनी सेंट्रल जेल के सामने की है। बच्ची अपने मामा और छोटे भाई के साथ बाइक से स्कूल जा रही थी। बताया जा रहा है कि पीछे से आ रहे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मामा और भाई सड़क किनारे जा गिरे, जबकि बच्ची ट्रक के पहिए की चपेट में आ गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद बच्ची का स्कूल बैग उसके कंधे पर ही टंगा रह गया। आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना की खबर मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। परिजन शव के पास बैठकर बिलखने लगे।
आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर ही शव रखकर प्रदर्शन किया, जिससे प्रयागराज–मिर्जापुर हाईवे पर लगभग एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। बाद में पुलिस अधिकारियों ने समझाइश देकर मार्ग को खुलवाया।
मृत बच्ची की पहचान फलीशा (10) निवासी महेवा के रूप में हुई है। वह बेथनी कॉन्वेंट स्कूल की छात्रा थी। उसके पिता का तीन वर्ष पहले निधन हो चुका है। मां निजी विद्यालय में शिक्षिका हैं और बच्चों के साथ रिश्तेदार के घर रह रही थीं।

पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक और चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर शहर में तेज रफ्तार वाहनों और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
