(रणभेरी): दिल्ली से बागडोगरा (पश्चिम बंगाल) जा रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट में बम की सूचना मिलने से रविवार सुबह हवाई सुरक्षा तंत्र में हड़कंप मच गया। एहतियातन विमान को लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। करीब आठ घंटे तक चली सघन जांच के बाद कोई विस्फोटक नहीं मिला, जिसके बाद विमान को आगे की उड़ान के लिए रवाना किया गया।
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, रविवार सुबह 8:46 बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इंडिगो की फ्लाइट 6E-6650 में बम होने की सूचना प्राप्त हुई। इसके बाद तुरंत विमान को लखनऊ की ओर डायवर्ट किया गया। फ्लाइट सुबह 9:17 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरी। यात्रियों को उतारने के बाद विमान को आइसोलेशन बे में खड़ा कर दिया गया।
बाथरूम में मिला धमकी भरा संदेश
जानकारी के मुताबिक, विमान के बाथरूम में एक नैपकिन पर ‘प्लेन में बम है’ लिखा हुआ मिला था। एक यात्री की नजर इस पर पड़ी तो उसने तत्काल क्रू मेंबर को सूचना दी। इसके बाद तय सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को नजदीकी सुरक्षित एयरपोर्ट लखनऊ में उतारने का निर्णय लिया गया।
लखनऊ एयरपोर्ट पर बम निरोधक दस्ता, फायर ब्रिगेड, मेडिकल टीम और अन्य सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गईं। विमान को चारों ओर से घेरकर यात्रियों, लगेज और पूरे विमान की गहन तलाशी ली गई। फ्लाइट में 8 बच्चों सहित 230 यात्री, 6 क्रू मेंबर और 2 पायलट सवार थे। सभी को सुरक्षित बाहर निकालकर जांच पूरी की गई।
रेडियोएक्टिव सामग्री की सूचना से बढ़ी चिंता
सूत्रों का कहना है कि बम की धमकी के साथ यह सूचना भी मिली थी कि विमान के लगेज कंपार्टमेंट में पैक्ड रेडियोएक्टिव सामग्री हो सकती है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बॉम्ब थ्रेट असेसमेंट कमेटी (BTAC) गठित की गई, जिसने हर पहलू का मूल्यांकन किया। जांच में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
करीब आठ घंटे तक चली जांच के बाद विमान को शाम 4:40 बजे टेकऑफ की अनुमति दे दी गई। इस मामले में इंडिगो के सुरक्षा अधिकारी विपिन त्रिपाठी की ओर से सरोजनी नगर थाने में अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी गई है।
इंडिगो का बयान
इंडिगो एयरलाइंस ने घटना को लेकर जारी बयान में कहा कि सुरक्षा से जुड़ी आशंका के चलते फ्लाइट को लखनऊ डायवर्ट किया गया। सभी मानक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए संबंधित एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग किया गया। कंपनी ने कहा कि यात्रियों, क्रू और विमान की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां
गौरतलब है कि इससे पहले भी लखनऊ एयरपोर्ट पर विमानों को बम की धमकी मिल चुकी है। 19 अक्टूबर 2024 को स्टार एयर की लखनऊ-अजमेर फ्लाइट और 30 अक्टूबर 2024 को इंडिगो की दो उड़ानों को ऐसी ही धमकियां मिली थीं, हालांकि जांच में कुछ भी नहीं पाया गया था। 7 नवंबर 2025 को खराब मौसम और अन्य कारणों से तीन इंडिगो विमानों की इमरजेंसी लैंडिंग भी लखनऊ में कराई गई थी। लगातार मिल रही धमकियों के बीच सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हैं और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
