15 साल पुराने रिश्ते का खूनी समापन ,कार अंदर से लॉक मिली, पिस्टल हाथ में, दो खोखे बरामद, 13 फरवरी से दोनों थे लापता
(रणभेरी) : वैलेंटाइन-डे के दिन नोएडा में एक प्रेम कहानी का अंत खौफनाक वारदात में बदल गया। थाना सेक्टर-39 क्षेत्र में खड़ी एक कार के अंदर युवक-युवती के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में युवक द्वारा प्रेमिका की हत्या कर आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, टाटा अल्ट्रोज कार (DL 14 CL 6473) अंदर से लॉक थी। दोपहर करीब डेढ़ बजे आसपास के लोगों ने कार के भीतर हलचल न होने और संदिग्ध स्थिति देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शीशा तोड़कर कार का दरवाजा खोला तो आगे की सीट पर 32 वर्षीय सुमित और 26 वर्षीय रेखा के शव पड़े मिले। दोनों के सिर में गोली लगी थी। युवक के हाथ में पिस्टल थी और पास में दो खोखे बरामद हुए।
बताया जा रहा है कि रेखा नोएडा के सलारपुर की रहने वाली थी, जबकि सुमित दिल्ली के त्रिलोकपुरी का निवासी था। दोनों 13 फरवरी से अपने-अपने घरों से लापता थे। युवती के परिजनों ने शुक्रवार को थाना सेक्टर-58 में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
परिजनों के अनुसार, दोनों का 15 वर्ष से प्रेम संबंध था और जल्द ही विवाह करने वाले थे। इसी बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। सुमित ने 13 फरवरी को रेखा को संदेश भेजा “मैं मरने जा रहा हूं। इसकी जिम्मेदार रेखा है। उसने मुझसे शादी का वादा किया था, लेकिन अब किसी और से शादी करने जा रही है। उसने मुझे धोखा दिया है।” इसके बाद वह कार लेकर घर से निकल गया।
सुमित के चचेरे भाई सचिन ने बताया कि वह मंडल स्तर का क्रिकेटर था और पानी का प्लांट भी चलाता था। उसने रेखा के लिए करीब एक करोड़ रुपये का फ्लैट खरीदा था। भाई का आरोप है कि लड़की के घरवालों ने उसे सुमित के खिलाफ भड़का दिया था, जिससे दोनों के बीच कहासुनी हुई।
सुमित के पिता राजीव दिल्ली नगर निगम में हेल्थ इंस्पेक्टर हैं। घटना की सूचना पर दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर फोरेंसिक टीम से साक्ष्य जुटाए हैं। युवक के परिजनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला हत्या के बाद आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। प्रेम के दिन पर हुई इस त्रासदी ने रिश्तों में संवाद और संवेदनशीलता की आवश्यकता पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
