लखनऊ में UGC इक्विटी रेगुलेशन को लेकर मार्च, पुलिस से भिड़ीं विधायक पल्लवी पटेल

लखनऊ में UGC इक्विटी रेगुलेशन को लेकर मार्च, पुलिस से भिड़ीं विधायक पल्लवी पटेल

(रणभेरी): लखनऊ में मंगलवार को उस वक्त स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब UGC इक्विटी रेगुलेशन 2026 के समर्थन में निकाले जा रहे पैदल मार्च के दौरान पुलिस और पल्लवी पटेल के बीच टकराव हो गया। यह मार्च अपना दल (कमेरावादी) की विधायक पल्लवी पटेल के नेतृत्व में आईटी चौराहे से शुरू होकर विधानसभा की ओर बढ़ रहा था।

मार्च जैसे ही रिजर्व पुलिस लाइन के पास पहुंचा, पहले से तैनात पुलिस बल ने बैरिकेडिंग कर आगे बढ़ने से रोक दिया। आरोप है कि आगे बढ़ने की कोशिश के दौरान पल्लवी पटेल बैरिकेड पर चढ़ने लगीं, जिस पर पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसी बीच दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। इसके बाद विधायक सड़क पर ही बैठ गईं और धरना शुरू कर दिया।

लखनऊ में UGC इक्विटी रेगुलेशन को लेकर मार्च, पुलिस से भिड़ीं विधायक पल्लवी पटेल

मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने काफी देर तक समझाने की कोशिश की, लेकिन पल्लवी पटेल और उनके समर्थक पीछे हटने को तैयार नहीं हुए। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंदोलन में शामिल कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर वाहनों में बैठा दिया। हालांकि, विधायक पल्लवी पटेल ने सड़क पर ही बैठकर विरोध जारी रखा।

काफी मशक्कत और जद्दोजहद के बाद पुलिस ने पल्लवी पटेल सहित अन्य प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेज दिया। इस दौरान आईटी चौराहे और आसपास के इलाकों में यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। स्थिति को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।

प्रदर्शन में शामिल लोगों का कहना है कि सरकार उनकी मांगों को लगातार अनदेखा कर रही है। उनका आरोप है कि जब तक UGC इक्विटी रेगुलेशन लागू नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *