(रणभेरी): गोरखपुर जिले के पिपराइच थाना क्षेत्र के बिजहरा गांव में मंगलवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। सौतेली मां ने कथित तौर पर तीन साल की मासूम बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
कमरे में खून से सना मिला दृश्य
पुलिस के मुताबिक, घटना रात करीब 11 बजे की है। बच्ची अपने पिता और सौतेली मां के साथ घर में सो रही थी। इसी दौरान आरोपी महिला ने मासूम को पहले बिस्तर से नीचे गिराया और फिर धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया। बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई।

जब पिता वापस कमरे में पहुंचे तो खून से लथपथ दृश्य देखकर सन्न रह गए। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए।
घटना के बाद महिला घर से भागने लगी, लेकिन पिता और ग्रामीणों ने करीब एक किलोमीटर तक पीछा कर उसे दबोच लिया। गुस्साए लोगों ने आरोपी को पकड़कर बांध दिया और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने किया गिरफ्तार
सूचना मिलते ही पिपराइच थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में ले लिया। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया गया है। बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।
घरेलू कलह बनी वजह?
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी महिला को पति का बेटी के प्रति अत्यधिक स्नेह पसंद नहीं था। इसी बात को लेकर घर में तनाव की स्थिति बनी रहती थी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।यह दर्दनाक घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
