(रणभेरी): मऊ जनपद के घोसी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत खंतिया गांव में शुक्रवार रात पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। नशे की हालत में हुए झगड़े के दौरान भतीजे ने चाकू से हमला कर अपने ही चाचा की हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव में आए बड़े भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खंतिया गांव निवासी रामभवन यादव (42) और उनके बड़े भाई विजयभान यादव (50) शुक्रवार शाम करीब आठ बजे साथ बैठकर भोजन कर रहे थे। इसी दौरान नशे में धुत चचेरा भाई विजेंद्र यादव उनके दरवाजे पर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर बात बढ़ गई। आरोप है कि विजेंद्र के बुलाने पर उसका बेटा रामजीत यादव भी मौके पर आ गया और दोनों ने मिलकर विजयभान पर हमला कर दिया।
शोर सुनकर रामभवन बीच-बचाव के लिए बाहर आए तो हमलावर और उग्र हो गए। बताया जाता है कि रामजीत यादव घर से चाकू लेकर लौटा और रामभवन के सीने में वार कर दिया। इसके बाद सिर पर डंडे से भी हमला किया गया, जिससे रामभवन गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। वारदात के बाद आरोपी पिता-पुत्र मौके से फरार हो गए।
परिजन दोनों घायलों को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने रामभवन को हायर सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन दूसरी जगह ले जाते समय उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उपचार के बाद विजयभान को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
मृतक की पत्नी संगीता की तहरीर पर पुलिस ने विजेंद्र यादव, रामजीत यादव, सुनीता और रामावती के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। रामभवन के दो बेटे और एक बेटी हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस का कहना है कि चारों आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटना के बाद से आरोपी घर से फरार हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
