जौनपुर: शीतला चौकिया धाम में हादसा, तालाब में डूबने से किशोर की मौत, प्रतापगढ़ से आया था दर्शन को

जौनपुर: शीतला चौकिया धाम में हादसा, तालाब में डूबने से किशोर की मौत, प्रतापगढ़ से आया था दर्शन को

(रणभेरी):जौनपुर जिले के शीतला चौकिया धाम में सोमवार सुबह एक किशोर की तालाब में डूबने से मौत हो गई। किशोर अपने दोस्त के साथ मंदिर में दर्शन करने आया था और दर्शन से पहले स्नान करने के लिए तालाब में उतर गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार प्रतापगढ़ जिले के दीवानगंज पट्टी निवासी कमलदीप कश्यप (16) पुत्र संतोष कश्यप सोमवार सुबह अपने मित्र अमित कुमार के साथ शीतला चौकिया धाम दर्शन करने पहुंचा था। मंदिर में पूजा करने से पहले दोनों मित्र मंदिर के पास बने तालाब में नहाने के लिए उतर गए।
बताया जा रहा है कि तालाब के चारों ओर सुरक्षा के लिए रेलिंग लगी हुई है। इसके बावजूद कमलदीप रेलिंग पार कर तालाब के गहरे हिस्से में चला गया। पानी अधिक गहरा होने के कारण वह डूबने लगा। साथी अमित और आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने के लिए शोर मचाया, लेकिन कुछ ही देर में किशोर पानी में डूब गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तलाश शुरू की। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद चौकियां के स्थानीय युवकों ने तालाब से किशोर का शव बाहर निकाला। सूचना पर चौकियां चौकी इंचार्ज राम प्रकाश यादव और फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक किशोर के परिजन भी प्रतापगढ़ से जौनपुर के लिए रवाना हो गए।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *