(रणभेरी): झांसी में 18 साल से ज्वैलरी शॉप पर काम कर रहे एक युवक ने 65 लाख रुपए के गहने और 3.10 लाख रुपए कैश चोरी कर लिए। चोरी के बाद उसने अपने पत्नी को बुलाया और उसे चोरी का सारा माल सौंप दिया। पत्नी ने गहने और नकदी शॉल में छुपाकर ले गई।
जब ज्वैलरी शॉप मालिक ने तिजोरी खोली तो गहने और नकदी गायब थे। युवक घर में ही मौजूद था, इसलिए मालिक को उस पर शक नहीं हुआ। पुलिस ने भी शक के आधार पर युवक से पूछताछ की, तो उसने कहा- आप मेरे मालिक से ही पूछ लें। 18 साल हो गए, कभी 10 रुपए की चोरी नहीं की। फिर पुलिस ने उसे छोड़ दिया।
इसके बाद पुलिस ने घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। फुटेज में एक महिला को शॉल में गहने छुपाकर ले जाते देखा गया। जब पुलिस ने फुटेज दुकानदार को दिखाया, तो पता चला कि महिला उसके नौकर की पत्नी ही थी। पुलिस की पूछताछ में नौकर ने बताया कि वह बड़ा आदमी बनना चाहता था। इसलिए चोरी की। यह घटना 3 फरवरी की है और वीडियो आज सामने आया है।

ज्वेलर की दो दुकानें हैं
प्रेमनगर थाना क्षेत्र के महाराजपुरा निवासी अनिल कुमार साहू सर्राफा कारोबारी हैं। उनकी एक दुकान घर में है, जबकि दूसरी दुकान सीपरी बाजार में मौजूद है। अनिल ने बताया- नगरा के स्कूलपुरा मोहल्ला निवासी सुनील अहिरवार लगभग 18 साल से मेरे घर पर काम कर रहा था। 3 फरवरी को मैं फार्महाउस पर गया था, जबकि मेरा बेटा सीपरी बाजार की दुकान में था। मेरी पत्नी ऊपर वाले कमरे में मौजूद थी। मैं गलती से तिजोरी की चाबी घर पर भूल गया। जब लौटकर आया तो देखा कि तिजोरी की चाबी लगी हुई थी। शक होने पर तिजोरी खोलकर देखा तो 65 लाख रुपए के गहने और 3 लाख 10 हजार 700 रुपए कैश गायब थे। इसके बाद मैंने 11 फरवरी को थाने में तहरीर दी।
1:27 मिनट में गहने चुराकर ले गई
सीओ सदर रामवीर सिंह ने बताया- चोरी की सूचना मिलते ही प्रेमनगर थाना प्रभारी तुलसीराम पांडेय और उनकी टीम सक्रिय हो गई। तिजोरी का लॉक खुला था, इसलिए पहले नौकर सुनील पर शक हुआ, लेकिन वह चोरी करने से इंकार कर रहा था। ऐसे में अनिल के घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। फुटेज में सुनील की पत्नी प्रीति नजर आई। 3 फरवरी को शाम 5 बजकर 35 मिनट 55 सेकेंड पर वह दौड़ती हुई अनिल के घर की तरफ जाती दिखी। 1 मिनट 27 सेकेंड बाद यानी 5 बजकर 37 मिनट 22 सेकेंड पर वापस लौटती दिखाई दी। फुटेज में वह शॉल के अंदर गहने और नकदी छुपाती नजर आई। इसके बाद सुनील और प्रीति से सख्ती से पूछताछ की गई। दोनों ने चोरी कबूल कर ली। पुलिस ने सभी गहने और नकदी बरामद कर लिया।
पत्नी को फोन करके बुलाया
आरोपी रामवीर ने पुलिस को बताया- घर में तिजोरी की चाबी देखकर मेरे मन में लालच जाग गया। मैं भी बड़ा आदमी बनना चाहता था। अगर मैं गहने चुराकर भागता तो सबको मुझ पर शक हो जाता। इसलिए मैंने फोन करके अपनी पत्नी प्रीति को घर के पीछे बुलाया।
फिर तिजोरी खोलकर सारे गहने और नकदी निकाल लिए। छत से पूरा माल फेंककर पत्नी को दे दिया, जिसे उसने घर ले जाकर पंखों के कवर और अन्य जगहों पर छिपा दिया। मैं घर पर ही रहा। जब मालिक ने तिजोरी खोली तो गहने गायब थे, लेकिन चूंकि मैं घर पर ही था, किसी को शक नहीं हुआ। हालांकि बाद में चोरी पकड़ी गई।
