(रणभेरी): बीजपुर थाना क्षेत्र के महुआवारी सिरसोती गांव में मंगलवार देर रात एक घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक महिला की जान चली गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवाद के दौरान पति द्वारा किए गए लोहे की रॉड से हमले में पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसकी बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई।
म्योरपुर थाना क्षेत्र के कुसुमहा गांव निवासी कन्हैया जाटव (34) वर्तमान में अपने ससुराल महुआवारी सिरसोती गांव में रह रहा था और एनटीपीसी बीजपुर में एक निजी कंपनी के माध्यम से बढ़ई (कारपेंटर) का कार्य करता था। मंगलवार रात लगभग 12 बजे पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।
आरोप है कि गुस्से में आकर कन्हैया जाटव ने लोहे की रॉड से अपनी पत्नी कुसुम जाटव (31) के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों की मदद से घायल महिला को एनटीपीसी धन्वंतरी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि दंपती के दो बेटे और दो बेटियां हैं। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया है।
पिपरी क्षेत्राधिकारी हर्ष पांडेय ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी पति को हिरासत में ले लिया गया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है।
