(रणभेरी): शहर के मुलुंड पश्चिम इलाके में शनिवार दोपहर निर्माणाधीन मेट्रो परियोजना से जुड़ा एक बड़ा हादसा सामने आया। एलबीएस रोड स्थित जॉनसन एंड जॉनसन कंपनी के पास अचानक मेट्रो पिलर का एक हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि कई लोग घायल हो गए।
दोपहर 12:20 बजे हुआ हादसा
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अनुसार घटना करीब 12:20 बजे हुई, जब निर्माण कार्य के दौरान पिलर का सीमेंट स्लैब टूटकर नीचे से गुजर रहे एक ऑटो रिक्शा पर जा गिरा। हादसे के तुरंत बाद मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, मेट्रो स्टाफ, वार्ड कर्मचारी और 108 एम्बुलेंस सेवा मौके पर पहुंच गई और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
ऑटो और कार को भारी नुकसान
दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गिरा हुआ मलबा सीधे एक ऑटो रिक्शा पर आ गिरा, जिससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पास खड़ी एक कार भी मलबे की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इस दुर्घटना में तीन से चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिनमें से एक की बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई।
इलाके में यातायात डायवर्ट
हादसे के बाद पुलिस ने तुरंत क्षेत्र को घेराबंदी कर यातायात को डायवर्ट कर दिया। मलबा हटाने का काम भी तेजी से शुरू किया गया ताकि सड़क को जल्द से जल्द सामान्य किया जा सके।फिलहाल घटना के कारणों की जांच जारी है और निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
