बेटियों ने थामा एआर रहमान का हाथ, बयान विवाद पर समर्थन में आईं खतीजा और रहीमा

बेटियों ने थामा एआर रहमान का हाथ, बयान विवाद पर समर्थन में आईं खतीजा और रहीमा

(रणभेरी): ऑस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान के हालिया बयान को लेकर सोशल मीडिया पर मचे शोर-शराबे के बीच अब उनका परिवार भी खुलकर उनके समर्थन में उतर आया है। रहमान की बेटियां खतीजा रहमान और रहीमा रहमान ने सार्वजनिक रूप से अपने पिता के पक्ष में आवाज़ उठाते हुए आलोचनाओं पर संयम बरतने की अपील का समर्थन किया है।

दोनों बहनों ने मलयालम संगीतकार कैलास मेनन की एक पोस्ट को अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा किया, जिसमें एआर रहमान के बयान को लेकर चल रही तीखी टिप्पणियों पर सवाल उठाए गए हैं। खतीजा रहमान ने इस पोस्ट पर ताली, फायर और दिल वाले इमोजी के साथ प्रतिक्रिया भी दी, जिसे उनके समर्थन के तौर पर देखा जा रहा है।

कैलास मेनन ने अपने पोस्ट में उन सोशल मीडिया टिप्पणियों का ज़िक्र किया, जिनमें रहमान को तमिलनाडु और देश के लिए “कलंक” जैसे शब्दों से नवाज़ा गया। उन्होंने लिखा कि किसी कलाकार को अपनी बात रखने के लिए दोषी ठहराना अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की मूल भावना के खिलाफ है। असहमति का अधिकार सभी को है, लेकिन अपमान और नफरत को राय कहना गलत है।

कैलास ने यह भी कहा कि किसी विश्वस्तरीय कलाकार की आस्था, निजी अनुभव और रचनात्मक यात्रा पर सवाल उठाना आलोचना नहीं, बल्कि नफरत को सामान्य बनाने की कोशिश है। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि एआर रहमान का भारतीय और वैश्विक संगीत में दशकों का योगदान किसी एक बयान से कमतर नहीं हो सकता।

दरअसल, हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में एआर रहमान ने कहा था कि हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में आए बदलावों के बाद उन्हें पहले की तुलना में कम अवसर मिल रहे हैं और इसके पीछे सांप्रदायिक माहौल भी एक कारण हो सकता है। इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर उनकी कड़ी आलोचना शुरू हो गई।

विवाद बढ़ने पर एआर रहमान ने एक वीडियो संदेश जारी कर अपनी बात स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि भारत उनके लिए सिर्फ़ एक देश नहीं, बल्कि प्रेरणा, गुरु और घर है। उनका उद्देश्य हमेशा संगीत के ज़रिये लोगों को जोड़ना और सम्मान देना रहा है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *