सरकार ने CJP को 4 बार दिया बातचीत का न्योता, संगठन ने ठुकराया: कहा- नड्डा के घर नहीं, जंतर-मंतर आकर करें बात; 17 मेट्रो स्टेशन बंद

सरकार ने CJP को 4 बार दिया बातचीत का न्योता, संगठन ने ठुकराया: कहा- नड्डा के घर नहीं, जंतर-मंतर आकर करें बात; 17 मेट्रो स्टेशन बंद

(रणभेरी): NEET पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व वाले छात्र आंदोलन के बीच सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच गतिरोध और गहरा गया है। केंद्र सरकार ने गुरुवार को स्पष्ट किया कि वह किसी भी समय बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन CJP ने सरकार के प्रस्ताव को स्वीकार करने से इनकार कर दिया।

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि पिछले 24 घंटों के दौरान भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास या कार्यालय में बातचीत के लिए CJP को चार अलग-अलग बार प्रस्ताव भेजा गया, लेकिन संगठन ने हर बार इसे अस्वीकार कर दिया।वहीं, CJP के प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि यदि सरकार वास्तव में समाधान चाहती है तो उसके प्रतिनिधि जंतर-मंतर आएं या फिर किसी तटस्थ स्थान पर बातचीत करें। उन्होंने साफ कहा कि संगठन किसी नेता के आवास या कार्यालय में बातचीत के लिए नहीं जाएगा।

20 जून से जारी है आंदोलन

जंतर-मंतर पर छात्रों का प्रदर्शन 20 जून से लगातार जारी है। आंदोलनकारी NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन में देश के विभिन्न राज्यों से आए छात्र और कई सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हैं।

सरकार ने CJP को 4 बार दिया बातचीत का न्योता, संगठन ने ठुकराया: कहा- नड्डा के घर नहीं, जंतर-मंतर आकर करें बात; 17 मेट्रो स्टेशन बंद

सोनम वांगचुक की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती

आंदोलन से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक 28 जून से आमरण अनशन पर हैं। लंबे समय से भोजन न लेने के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी पत्नी गीतांजलि ने कहा कि छात्रों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार नहीं होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्षी नेताओं को प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च करने के बजाय जंतर-मंतर पहुंचकर छात्रों का समर्थन करना चाहिए था।

राजधानी में जनजीवन प्रभावित

प्रदर्शन के चलते दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। लगातार दूसरे दिन दिल्ली मेट्रो के 17 स्टेशन बंद रहे। बाद में झंडेवाला मेट्रो स्टेशन को भी बंद करने का फैसला लिया गया। स्टेशन बंद रहने से हजारों यात्रियों को लंबा रास्ता तय करना पड़ा, जिससे यात्रा का समय और खर्च दोनों बढ़ गए।उधर, नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (NDTA) ने सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को देखते हुए कनॉट प्लेस स्थित दुकानों, कार्यालयों और रेस्टोरेंट संचालकों से शाम 6:30 बजे तक प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की।

छात्रों के समर्थन में उतरीं आलिया भट्ट

फिल्म अभिनेत्री आलिया भट्ट ने भी सोशल मीडिया के जरिए आंदोलन कर रहे छात्रों का समर्थन किया। उन्होंने लिखा कि छात्रों का दृढ़ संकल्प पूरे देश से यह सवाल पूछता है कि क्या हम सच में अपने युवाओं की आवाज सुन रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथ में है और उनकी चिंताओं को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *