वाराणसी (रणभेरी): महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में स्नातक पाठ्यक्रमों की प्रवेश प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार बीए (नियमित) पाठ्यक्रम की सभी उपलब्ध सीटों पर प्रवेश पूर्ण हो चुका है। वहीं अन्य पाठ्यक्रमों में भी काउंसलिंग और प्रवेश का क्रम निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी है।
प्रवेश प्रकोष्ठ से मिली जानकारी के अनुसार बीए-एलएलबी पाठ्यक्रम की काउंसलिंग के दौरान अब तक कुल 54 अभ्यर्थियों ने प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर ली है। इसी प्रकार बीकॉम पाठ्यक्रम में भी 149 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि शेष पाठ्यक्रमों की प्रवेश प्रक्रिया भी चरणबद्ध ढंग से पूरी कराई जा रही है।
प्रवेश प्रकोष्ठ के उप-समन्वयक प्रो. नलिनी श्याम कामिल ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन माध्यम से निर्धारित प्रवेश शुल्क जमा कर दिया, उन्हें काउंसलिंग स्थल पर ही परिचय पत्र (आईडी कार्ड) तथा पुस्तकालय सदस्यता कार्ड उपलब्ध कराया गया। इससे विद्यार्थियों को अलग से विश्वविद्यालय आने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और उनका शैक्षणिक कार्य समय पर प्रारंभ हो सकेगा।
उन्होंने बताया कि 23 जुलाई को बीबीए पाठ्यक्रम के लिए काउंसलिंग का आयोजन शिक्षा शास्त्र संकाय भवन में किया जाएगा। जिन अभ्यर्थियों को विश्वविद्यालय की ओर से ई-मेल के माध्यम से काउंसलिंग लिंक भेजा गया है, उन्हें निर्धारित समय पर उपस्थित होना होगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे काउंसलिंग में शामिल होते समय आवश्यक दस्तावेज अपने साथ अवश्य लेकर आएं। इसमें प्रवेश गेट पास, सभी मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, उनकी एक-एक स्वप्रमाणित फोटोकॉपी, चार पासपोर्ट आकार के नवीनतम रंगीन फोटो तथा आरक्षण श्रेणी से संबंधित अद्यतन प्रमाण पत्र शामिल हैं। दस्तावेज अधूरे होने की स्थिति में अभ्यर्थियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
प्रो. कामिल ने बताया कि सभी पाठ्यक्रमों की मेरिट सूची विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है। अभ्यर्थी वेबसाइट पर जाकर अपनी मेरिट की जांच कर सकते हैं तथा वहीं से काउंसलिंग के लिए आवश्यक गेट पास डाउनलोड कर सकते हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि काउंसलिंग पूरी होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों को उसी दिन निर्धारित प्रवेश शुल्क ऑनलाइन जमा करना अनिवार्य होगा। समय पर शुल्क जमा नहीं करने पर प्रवेश प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।
प्रवेश प्रकोष्ठ ने सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें। प्रवेश, काउंसलिंग, मेरिट सूची, समय-सारिणी तथा अन्य आवश्यक सूचनाएं लगातार वेबसाइट पर जारी की जा रही हैं। किसी भी नए निर्देश या संशोधन की जानकारी भी ऑनलाइन माध्यम से ही उपलब्ध कराई जाएगी।
काउंसलिंग प्रक्रिया के दौरान प्रवेश समन्वयक प्रो. बंशीधर पाण्डेय, स्नातक स्तरीय काउंसलिंग संयोजक डॉ. राहुल गुप्ता, प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों के काउंसलिंग संयोजक प्रो. रमाकान्त सिंह सहित प्रो. रमन पंत, प्रो. राकेश तिवारी, डॉ. दुर्गेश उपाध्याय, डॉ. आयुष कुमार, डॉ. धनंजय विश्वकर्मा, डॉ. आरती विश्वकर्मा, डॉ. वरुण कुमार, डॉ. विजय रंजन, विनोद कुमार, शुभेक्षु कुमार, संदीप कुमार, परशुराम तथा सुरक्षा अधिकारी हेमन्त मिश्र सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
विश्वविद्यालय का लक्ष्य है कि सभी स्नातक एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की प्रवेश प्रक्रिया निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर नई शैक्षणिक सत्र की कक्षाएं समय पर प्रारंभ कराई जा सकें।
