मोहनसराय हाईवे पर दर्दनाक हादसा, कंटेनर की चपेट में आने से व्यक्ति गंभीर घायल

मोहनसराय हाईवे पर दर्दनाक हादसा, कंटेनर की चपेट में आने से व्यक्ति गंभीर घायल

हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार, 200 मीटर तक घसीटे जाने से मचा हड़कंप; हाईवे पर लगा लंबा जाम

वाराणसी (रणभेरी): रोहनिया थाना क्षेत्र के मोहनसराय हाईवे चौराहे पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। प्रयागराज से कोलकाता की ओर जाने वाले हाईवे मार्ग पर सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद कंटेनर चालक ने वाहन रोकने के बजाय आगे बढ़ाने की कोशिश की, जिसके कारण घायल व्यक्ति सड़क पर करीब 200 मीटर तक घिसटता चला गया। घटना के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

मोहनसराय हाईवे पर दर्दनाक हादसा, कंटेनर की चपेट में आने से व्यक्ति गंभीर घायल

सूचना मिलते ही रोहनिया पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से घायल व्यक्ति को तत्काल उपचार के लिए बीएचयू ट्रामा सेंटर भेजा, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर ट्रक को कब्जे में लेकर सड़क से हटवाया। हादसे के कारण मोहनसराय हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया और वाहनों का आवागमन सामान्य कराया।

फुट ओवर ब्रिज निर्माण में देरी पर लोगों में नाराजगी

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने मोहनसराय चौराहे पर निर्माणाधीन फुट ओवर ब्रिज को लेकर नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि लंबे समय से पुल का निर्माण कार्य धीमी गति से चल रहा है, जिसके कारण राहगीरों को मजबूरी में व्यस्त हाईवे पार करना पड़ता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि मोहनसराय चौराहा हमेशा व्यस्त रहता है और यहां बड़ी संख्या में पैदल यात्री सड़क पार करते हैं। फुट ओवर ब्रिज का निर्माण पूरा होने से लोगों को राहत मिल सकती है और दुर्घटनाओं में भी कमी आ सकती है। लोगों ने संबंधित विभाग से जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार कंटेनर चालक की तलाश की जा रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *