वाराणसी (रणभेरी): कमिश्नरेट की सारनाथ थाना पुलिस ने चोरी, लूट और चेन स्नेचिंग की घटनाओं में शामिल चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 405 पाउच देसी शराब, एक इनवर्टर बैटरी और चोरी की नकदी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय थे और विभिन्न थानों में इनके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद चारों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।सारनाथ थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस टीम सोमवार देर रात क्षेत्र में नियमित गश्त कर रही थी।
इसी दौरान सूचना मिली कि सिंहपुर बाग के पास स्थित एक निर्माणाधीन मकान में कुछ संदिग्ध युवक छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मकान की चारों ओर से घेराबंदी कर दी।
पुलिस की मौजूदगी का आभास होते ही वहां मौजूद युवक भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर चारों को दबोच लिया। पूछताछ में उनकी पहचान ओमकार मिश्रा उर्फ कार्तिक उर्फ छोटू निवासी डेवड़ा, बलुआ (चंदौली), अक्षय राजभर उर्फ बुलबुल निवासी कानूडीह, शिवपुर (वाराणसी), शिवम यादव उर्फ सुधीर निवासी समई का पूरा, बलुआ (चंदौली) तथा आकाश राजभर उर्फ सरदार निवासी सिंहपुर, सारनाथ (वाराणसी) के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 405 पाउच देसी शराब, एक इनवर्टर की बैटरी और 1,980 रुपये नकद बरामद किए गए। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने कई वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
पुलिस जांच में सामने आया कि कुछ दिन पहले एक बुजुर्ग महिला से चेन स्नेचिंग की घटना हुई थी। उस मामले में पुलिस पहले ही विजय चौहान नामक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पूछताछ में पता चला था कि इस वारदात में ओमकार मिश्रा भी शामिल था, जिसकी तलाश की जा रही थी। अब उसकी गिरफ्तारी के साथ पुलिस को इस मामले में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
इसके अलावा आरोपियों ने पूछताछ में यह भी कबूल किया कि 6 जुलाई की रात चोलापुर क्षेत्र के फरीदपुर स्थित एक देशी शराब के ठेके का ताला तोड़कर वहां से बड़ी मात्रा में शराब, नकदी और इनवर्टर बैटरी चोरी की थी। घटना के बाद से पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। ओमकार मिश्रा के खिलाफ लंका, भेलूपुर, बड़ागांव और सारनाथ थानों में चोरी एवं लूट के पांच मुकदमे दर्ज हैं। वहीं अक्षय राजभर पर लंका, बड़ागांव और सारनाथ थानों में तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। आकाश राजभर के खिलाफ चोलापुर और सारनाथ थानों में दो मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस अन्य मामलों में भी आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
इस कार्रवाई को थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। टीम में उपनिरीक्षक अजय कुमार, विशेंद्र यादव, सौरवपति त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल दिलीप यादव, पंकज सिंह, कांस्टेबल सुमित सिंह, अशोक यादव, देवानन्द साहनी तथा रिक्रूट कांस्टेबल योगेश शामिल रहे।
