(रणभेरी): राम मंदिर में चढ़ावे की रकम से जुड़ी कथित चोरी के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपियों में शामिल रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू और उसके भतीजे मनीष यादव को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शनिवार सुबह पुलिस टीम जिला जेल पहुंची और दोनों आरोपियों को अपनी हिरासत में लिया। करीब 20 मिनट की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस दोनों को लेकर पुलिस लाइन पहुंची, जहां उनसे मामले से जुड़े अहम सवाल पूछे जाएंगे।
जेल से बाहर लाते समय दोनों आरोपियों ने मीडिया कैमरों से बचने की कोशिश की। दोनों गमछे से चेहरा ढककर बाहर निकले। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कथित चोरी की घटना कब हुई, किस तरीके से रकम निकाली गई और उससे जुड़े पैसे को कहां रखा गया।
कोर्ट ने मंजूर की 39 घंटे की पुलिस रिमांड
पुलिस ने शुक्रवार को फैजाबाद कोर्ट में आरोपियों की सात दिन की कस्टडी रिमांड की मांग की थी। हालांकि अदालत ने जांच के लिए 39 घंटे की रिमांड स्वीकृत की। इस दौरान पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की रकम, उसके इस्तेमाल और अन्य लोगों की भूमिका की जानकारी जुटाने का प्रयास करेगी।
जांच एजेंसियां यह भी खंगाल रही हैं कि मंदिर में चढ़ावे की रकम की निगरानी व्यवस्था में कहां चूक हुई और क्या इस मामले में कोई और व्यक्ति भी शामिल था।
मंदिर के दानपात्रों की जिम्मेदारी संभालता था टिन्नू
पुलिस जांच के अनुसार रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू मंदिर के दानपात्रों की देखरेख से जुड़ा हुआ था। वहीं उसका भतीजा मनीष यादव चढ़ावे की गिनती के काम में शामिल था।
पुलिस ने दोनों के घरों से नकदी बरामद करने का दावा किया है। जांच के दौरान टिन्नू के घर से करीब एक लाख रुपये और मनीष के घर से करीब दो लाख रुपये मिलने की बात सामने आई है।
इससे पहले भी पुलिस इस मामले में कई अन्य आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर चुकी है। इनमें अविनाश शुक्ला, लवकुश मिश्रा, अनुकल्प मिश्रा, सुभाष श्रीवास्तव, रमाशंकर मिश्रा और करुणेश के नाम शामिल हैं।
ब्याज पर पैसे देने की बात भी जांच में आई सामने
पुलिस जांच में यह जानकारी भी सामने आई है कि टिन्नू कथित तौर पर ब्याज पर पैसे देने का काम करता था। सूत्रों के अनुसार, उसने अपने भतीजे के मकान निर्माण के लिए करीब 30 से 35 लाख रुपये ब्याज पर दिए थे।
बताया जा रहा है कि यह मकान तुलसी चौरा क्षेत्र में बन रहा था, लेकिन मामला सामने आने के बाद निर्माण कार्य रोक दिया गया है। इसके अलावा खाकी अखाड़ा क्षेत्र के एक व्यापारी को भी करीब 20 लाख रुपये ब्याज पर दिए जाने की बात जांच में सामने आई है। पुलिस अब इन आर्थिक लेन-देन की भी जांच कर रही है।
मंदिर ट्रस्ट का प्रायश्चित अनुष्ठान जारी
चढ़ावा चोरी मामले के बाद मंदिर ट्रस्ट की ओर से आयोजित 10 दिवसीय प्रायश्चित अनुष्ठान जारी है। शनिवार को अनुष्ठान के दूसरे दिन 18 पुजारी और पांच आचार्य वैदिक मंत्रों के साथ पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक और हवन कर रहे हैं। ट्रस्ट की ओर से धार्मिक विधि-विधान के जरिए शुद्धिकरण कार्यक्रम कराया जा रहा है।
अयोध्या पहुंचे शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद
उधर, गोरक्षा यात्रा के तहत अयोध्या पहुंचे शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद वह संतों से मुलाकात करेंगे और मीडिया से बातचीत भी करेंगे।
चंपत राय को लेकर संत का बयान
इस पूरे मामले के बीच महामंडलेश्वर विष्णु दास महाराज ने बयान जारी करते हुए कहा कि राम मंदिर से जुड़े प्रशासनिक मामलों में बदलाव की जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा स्थिति से सरकार की छवि प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि यदि चंपत राय को जिम्मेदारी से नहीं हटाया गया तो इसका राजनीतिक असर पड़ सकता है। हालांकि, इस बयान पर संबंधित पक्षों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
