वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी जिले के चौबेपुर थाना क्षेत्र से पुलिस के व्यवहार को लेकर एक मामला सामने आया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक महिला उपनिरीक्षक पर थाने के भीतर शिकायत लेकर पहुंची महिला के साथ कथित रूप से मारपीट और अभद्र व्यवहार करने का घटना सामने आया है। वहीँ पुलिस विभाग ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
शिकायत सुनने के दौरान हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, चौबेपुर थाने में तैनात महिला उपनिरीक्षक के पास एक महिला अपनी समस्या लेकर पहुंची थी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच शिकायत को लेकर बातचीत चल रही थी, तभी किसी बात पर माहौल तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि इसी दौरान महिला उपनिरीक्षक ने अपना आपा खो दिया और फरियादी महिला के साथ हाथापाई कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला अधिकारी ने शिकायतकर्ता से नाराजगी जताते हुए कहा कि वह बार-बार शिकायत लेकर आती है। इसके बाद कथित रूप से महिला को कई थप्पड़ मारे गए। वहां मौजूद अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद यह मामला तेजी से चर्चा का विषय बन गया। वीडियो वायरल होते ही पुलिस विभाग में भी हलचल बढ़ गई। वीडियो में दिखाई दे रही घटना को लेकर लोग पुलिस के रवैये पर सवाल उठा रहे हैं और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कई लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी। कुछ यूजर्स ने पुलिस के आचरण पर सवाल उठाते हुए लिखा कि यदि शिकायत लेकर आने वाले लोगों के साथ ऐसा व्यवहार होगा तो आम नागरिकों का कानून व्यवस्था पर विश्वास प्रभावित हो सकता है। वहीं कई लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। संबंधित अधिकारी ने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है। जांच के दौरान वीडियो की सत्यता, घटना की परिस्थितियों तथा सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे। यदि जांच में किसी भी अधिकारी की लापरवाही या अनुचित आचरण सामने आता है तो नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
जांच रिपोर्ट के बाद होगा अगला फैसला
फिलहाल पुलिस विभाग का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। इस बीच वायरल वीडियो को लेकर लोगों के बीच चर्चा जारी है और सभी की निगाहें पुलिस की जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं।
