दूसरी बार माता-पिता बनने की तैयारी में दीपिका-रणवीर, लंच डेट पर पहुंचे रेस्टोरेंट; सिंपल अंदाज ने खींचा ध्यान

दूसरी बार माता-पिता बनने की तैयारी में दीपिका-रणवीर, लंच डेट पर पहुंचे रेस्टोरेंट; सिंपल अंदाज ने खींचा ध्यान

(रणभेरी): बॉलीवुड की चर्चित जोड़ी दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। दोनों जल्द ही अपने दूसरे बच्चे का स्वागत करने की तैयारी में हैं। इसी बीच मंगलवार को यह कपल मुंबई में एक साथ लंच डेट पर नजर आया। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दोनों शहर के एक लोकप्रिय रेस्टोरेंट पहुंचे, जहां उन्होंने दक्षिण भारतीय व्यंजन खासकर बेने डोसा का आनंद लिया।

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में दीपिका और रणवीर रेस्टोरेंट से बाहर निकलते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान दोनों ने अपनी आउटिंग को बेहद साधारण रखा। स्टार कपल ने कैमरों से दूरी बनाए रखने की कोशिश की और आरामदायक कैजुअल कपड़ों में नजर आए।

कैजुअल लुक में दिखे दीपिका और रणवीर

रेस्टोरेंट से बाहर आते समय दीपिका पादुकोण ढीले-ढाले को-ऑर्ड सेट में नजर आईं। वहीं रणवीर सिंह ने साधारण टी-शर्ट और काली पैंट पहनी हुई थी। दोनों ने चेहरे पर मास्क लगा रखा था और सुरक्षाकर्मियों के साथ अपनी कार की ओर बढ़ते दिखाई दिए। मौके पर मौजूद लोगों और फोटोग्राफर्स से दीपिका की सुरक्षा टीम ने वीडियो रिकॉर्ड न करने की अपील भी की। कपल ने बिना किसी तामझाम के अपनी लंच डेट पूरी की और जल्द ही वहां से रवाना हो गए।

पसंदीदा जगहों में शामिल है यह रेस्टोरेंट

दीपिका और रणवीर का इस रेस्टोरेंट से पुराना नाता रहा है। इससे पहले भी दोनों यहां कई बार आ चुके हैं। बताया जाता है कि रणवीर की फिल्म की सफलता का जश्न मनाने के लिए भी यह जोड़ी इसी जगह पहुंची थी। उस समय भी उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई थीं और फैंस ने दोनों के इस सादगी भरे अंदाज को खूब पसंद किया था।

दीपिका ने हाल में दिखाया था बेबी बंप

प्रेग्नेंसी की घोषणा के बाद दीपिका पादुकोण सोशल मीडिया पर पहले की तुलना में कम सक्रिय नजर आ रही हैं। हालांकि हाल ही में उन्होंने एक विज्ञापन वीडियो साझा किया था, जिसमें वह अपने बेबी बंप के साथ दिखाई दी थीं। वीडियो में उनका खुशमिजाज अंदाज फैंस को काफी पसंद आया।

इंस्टाग्राम पर दी थी दूसरी प्रेग्नेंसी की जानकारी

दीपिका और रणवीर ने सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस को दूसरी बार माता-पिता बनने की खुशखबरी दी थी। दोनों ने एक संयुक्त पोस्ट साझा कर इस खास खबर की जानकारी दी थी। पोस्ट में उनकी बेटी दुआ भी नजर आई थी, जिसके हाथ में प्रेग्नेंसी टेस्ट किट दिखाई गई थी।

गौरतलब है कि दीपिका और रणवीर ने साल 2018 में इटली में शादी की थी। शादी के करीब छह साल बाद सितंबर 2024 में दोनों पहली बार माता-पिता बने और उनकी बेटी दुआ का जन्म हुआ। अब परिवार में एक और नए सदस्य के आने का इंतजार किया जा रहा है।

फिल्मों को लेकर भी चर्चा में हैं दीपिका

मां बनने की खुशी के साथ-साथ दीपिका पादुकोण अपने आगामी प्रोजेक्ट्स को लेकर भी चर्चा में हैं। वह जल्द ही शाहरुख खान के साथ फिल्म ‘किंग’ में नजर आएंगी। यह शाहरुख और दीपिका की साथ में छठी फिल्म होगी। फिल्म को लेकर दर्शकों में पहले से ही काफी उत्साह है। इसके अलावा दीपिका अभिनेता अल्लू अर्जुन के साथ फिल्म ‘राका’ में भी दिखाई देंगी। इस फिल्म का निर्देशन एटली कर रहे हैं और इसे बड़े स्तर पर तैयार किया जा रहा है। फिल्म की रिलीज को लेकर भी फैंस में खासा उत्साह बना हुआ है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *