वाराणसी में पेंटिंग करने आए युवक ने घर में खुद को मारी गोली, फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी

वाराणसी में पेंटिंग करने आए युवक ने घर में खुद को मारी गोली, फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी

वाराणसी (रणभेरी) : वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र स्थित गायत्री नगर में मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने कथित रूप से खुद को गोली मार ली। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।

मृतक की पहचान सोनू यादव के रूप में हुई है, जो पेशे से पेंटर था और नरोत्तमपुर टिकरी क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार सोनू गायत्री नगर स्थित श्याम कुंज नामक मकान में पेंटिंग का काम करने आया था। दोपहर के समय अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक कमरे के बाहर खून से लथपथ अवस्था में पड़ा मिला। गोली उसके सीने के बाईं ओर लगी थी और आर-पार निकल गई थी। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की मदद से युवक की हालत देखी गई, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मकान मालिक द्वारा पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद लंका थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक विशेषज्ञों को भी बुलाया गया, जिन्होंने मौके से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे आत्महत्या के कारणों को लेकर जांच जारी है।

घटना की जानकारी मिलने पर एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार और लंका थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।

प्रारंभिक जांच में मामला एकतरफा प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार जिस युवती को युवक पसंद करता था, उसके द्वारा संबंध स्वीकार न किए जाने से वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *