वाराणसी में दिखी सेवा भावना की मिसाल, मुख्यमंत्री के जन्मदिवस पर हुआ विशाल रक्तदान शिविर

वाराणसी में दिखी सेवा भावना की मिसाल, मुख्यमंत्री के जन्मदिवस पर हुआ विशाल रक्तदान शिविर

वाराणसी (रणभेरी): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस को सेवा और समर्पण के रूप में मनाते हुए शुक्रवार को कबीरचौरा स्थित राजकीय महिला जिला चिकित्सालय (एमसीएच विंग) में एक विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। त्रिशक्ति सेवा फाउंडेशन और हिंदू युवा वाहिनी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस सामाजिक कार्यक्रम में युवाओं, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संस्थाओं तथा विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। शिविर के दौरान कुल 440 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने किया। इस अवसर पर उन्होंने रक्तदाताओं का सम्मान करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का सबसे श्रेष्ठ माध्यम है। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी गंभीर मरीज के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। ऐसे आयोजन समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने का कार्य करते हैं।

वाराणसी में दिखी सेवा भावना की मिसाल, मुख्यमंत्री के जन्मदिवस पर हुआ विशाल रक्तदान शिविर

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में सेवा और जनकल्याण की भावना को बढ़ावा मिला है। उनके जन्मदिवस पर आयोजित रक्तदान शिविर इसी सोच का प्रतीक है, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने सहभागिता कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया है।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित पातालपुरी मठ के महंत बालकनाथ जी महाराज ने कहा कि मानव सेवा ही सच्ची ईश्वर भक्ति है। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक ऐसा पुण्य कार्य है, जिसके माध्यम से किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन प्रदान किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से सामाजिक और मानवीय कार्यों में सहभागिता करने का आह्वान किया।

भारतीय जनता पार्टी के महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने अपने संबोधन में कहा कि युवा शक्ति किसी भी समाज और राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत होती है। उन्होंने कहा कि युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए, जिससे समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके।

कार्यक्रम के संयोजक तथा हिंदू युवा वाहिनी के वाराणसी मंडल प्रभारी एवं वाराणसी विकास प्राधिकरण के मानद सदस्य अम्बरीश सिंह ‘भोला’ ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सार्वजनिक जीवन राष्ट्रहित, सुशासन और जनसेवा के लिए समर्पित रहा है। उनके जन्मदिवस को सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जिसमें अपेक्षा से अधिक लोगों ने भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।

वाराणसी में दिखी सेवा भावना की मिसाल, मुख्यमंत्री के जन्मदिवस पर हुआ विशाल रक्तदान शिविर

उन्होंने रक्तदाताओं, चिकित्सकों, मेडिकल स्टाफ तथा स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाजहित में ऐसे कार्यक्रम भविष्य में भी लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि रक्तदान जैसे अभियान न केवल जरूरतमंद मरीजों की सहायता करते हैं, बल्कि समाज में परोपकार और संवेदनशीलता की भावना को भी मजबूत बनाते हैं।

शिविर के दौरान रक्तदान करने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन स्थल पर उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला और बड़ी संख्या में युवाओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।

इस अवसर पर हिंदू युवा वाहिनी के विभिन्न पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापार मंडल के प्रतिनिधि तथा संगठन के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिला एवं महानगर इकाइयों के पदाधिकारियों के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों और व्यापारिक संगठनों के सदस्यों ने भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया। रक्तदान शिविर को लेकर पूरे दिन लोगों में उत्साह बना रहा और बड़ी संख्या में नागरिकों ने इसे समाजसेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *