वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी में बुधवार को सुबह कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया।
वाराणसी महानगर और वाराणसी जिला भाजपा संगठन की ओर से आयोजित ‘आक्रोश सभा’ में 8 विधानसभा से कार्यकर्ता शामिल हुए। भाजपा के मंत्री, विधायक, एमएलसी समेत तमाम जनप्रतिनिधियों ने विरोध दर्ज कराया। सभा में भाजपा के मंत्री, विधायक, एमएलसी और अन्य जनप्रतिनिधियों ने अजय राय के बयान की कड़ी आलोचना करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण और आपत्तिजनक बताया।

वक्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के प्रति इस तरह की भाषा जनता बर्दाश्त नहीं करेगी। कार्यक्रम के मद्देनजर जिला मुख्यालय परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी गई। सभा में भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों की मौजूदगी रही।

क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने कहा कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अभद्र टिप्पणी की, जो असहनीय है। राजनीतिक विरोध में व्यक्तिगत गाली गलौज उनकी गलत मानसिकता को दर्शाता है। आज मुख्यालय पर काशी के आमजन का आक्रोश जुटा है।
सीएम से मांग करते हैं कि अजय राय के खिलाफ दर्ज मुकदमों की फाइल फिर खोली जाए, इनकी संपत्ति की जांच कराई जाए और पुलिस विधिक कार्रवाई अमल में लाए। जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन देकर जांच तथा उचित कार्रवाई की मांग की ।
