वाराणसी (रणभेरी): उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UP Board) ने आज 23 अप्रैल को हाईस्कूल परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया। परिणाम सामने आते ही वाराणसी जिले के पीएम श्री राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज के छात्र सूर्यदीप प्रजापति ने जिले में सर्वोच्च स्थान हासिल कर टॉप किया।
जैसे ही परिणाम घोषित हुआ, कॉलेज परिसर में उत्साह का माहौल बन गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य सुमीत कुमार श्रीवास्तव इस उपलब्धि से इतने भावुक हो गए कि अपनी कुर्सी से उठ खड़े हुए और अपनी खुशी रोक नहीं पाए। बताया जा रहा है कि रिजल्ट से पहले ही उन्होंने सूर्यदीप को अपने कार्यालय में बुलाकर बैठाया हुआ था।
प्रधानाचार्य ने बताया कि शुरुआत से ही सूर्यदीप की पढ़ाई और प्रदर्शन को देखकर यह अनुमान लगाया जा रहा था कि वह उत्कृष्ट परिणाम हासिल करेगा। उन्होंने कहा कि छात्र में शुरू से ही असाधारण प्रतिभा दिख रही थी।
रिजल्ट आने के बाद भावुक हुए प्रधानाचार्य ने तत्काल जिलाधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक को फोन कर सूचना दी और कॉलेज आने का आग्रह भी किया। इस दौरान उनकी खुशी और भावुकता साफ झलक रही थी।

प्रधानाचार्य के अनुसार, उन्होंने और विद्यालय परिवार ने पहले ही छात्र की मेहनत और लगन को देखते हुए बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई थी। उन्होंने यह भी बताया कि धार्मिक आस्था के तहत उन्होंने विंध्याचल यात्रा के दौरान भी छात्र की सफलता के लिए प्रार्थना की थी। जिले में इस वर्ष हाईस्कूल परीक्षा के लिए कुल 118 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां लगभग 46,300 छात्र-छात्राएं शामिल हुए। परीक्षा 18 फरवरी से शुरू होकर सीसीटीवी निगरानी में संपन्न कराई गई।
परीक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए प्रशासन की ओर से कई स्तरों पर अधिकारियों की तैनाती की गई थी, जिनमें जोनल, सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट शामिल रहे। जिला मुख्यालय पर स्थापित कंट्रोल रूम से पूरे परीक्षा तंत्र की 24 घंटे निगरानी की गई। पिछले वर्ष की बात करें तो हाईस्कूल परीक्षा में वाराणसी का परिणाम 91.07 प्रतिशत रहा था, जिससे जिला प्रदेश में 34वें स्थान पर रहा था।
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष जिले की टॉपर ख्याति सिंह रही थीं, जिन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश की टॉप-10 सूची में भी स्थान बनाया था। इस वर्ष सूर्यदीप प्रजापति की उपलब्धि ने एक बार फिर जिले का नाम रोशन किया है और विद्यालय में जश्न का माहौल है।
