वाराणसी: दशाश्वमेध क्षेत्र के अहिल्याबाई घाट के पास तीन मंजिला मकान में आग, बड़ा हादसा टला

वाराणसी: दशाश्वमेध क्षेत्र के अहिल्याबाई घाट के पास तीन मंजिला मकान में आग, बड़ा हादसा टला

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के दशाश्वमेध थाना क्षेत्र अंतर्गत अहिल्याबाई घाट के समीप स्थित एक तीन मंजिला आवासीय भवन में गुरुवार सुबह अचानक आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घर में पूजा के दौरान कपूर से उठी चिंगारी ने आग पकड़ ली, जो कुछ ही पलों में तेजी से फैल गई और पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना के समय भवन में लगभग एक दर्जन लोग मौजूद थे। आग लगते ही सभी ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता के चलते स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई। इसके बाद तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया।

वाराणसी: दशाश्वमेध क्षेत्र के अहिल्याबाई घाट के पास तीन मंजिला मकान में आग, बड़ा हादसा टला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पूजा के दौरान उपयोग की जा रही सामग्री से निकली चिंगारी ही आग लगने का कारण बनी। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया।

मकान मालिक गोपाल साहनी ने बताया कि इस घटना में घर का हजारों रुपये का नुकसान हुआ है, हालांकि किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, जिससे परिवार ने राहत की सांस ली है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण पूजा के दौरान हुई लापरवाही माना जा रहा है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल रहा, हालांकि बड़ी जनहानि न होने से स्थानीय लोगों ने राहत महसूस की है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *