शादी से पहले युवक ने दी जान, सुसाइड नोट में युवती पर ब्लैकमेल का आरोप; पुलिस जांच में जुटी

शादी से पहले युवक ने दी जान, सुसाइड नोट में युवती पर ब्लैकमेल का आरोप; पुलिस जांच में जुटी

वाराणसी (रणभेरी): शिवपुर थाना क्षेत्र में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद कमरे से मिला सुसाइड नोट पूरे मामले को संदिग्ध बना रहा है। युवक ने नोट में एक युवती पर मानसिक उत्पीड़न और ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया है। पुलिस अब उसी आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। मृतक की पहचान कुलदीप कुमार के रूप में हुई है, जो सेना से रिटायर्ड अधिकारी विनोद कुमार के बेटे थे। परिवार के मुताबिक, कुलदीप की शादी 30 अप्रैल को तय थी और घर में खुशी का माहौल था।

सुसाइड नोट में क्या लिखा

पुलिस को मौके से मिले नोट में कुलदीप ने अपनी मौत के लिए ‘पूजा सक्सेना’ नाम की युवती को जिम्मेदार ठहराया है। उसने लिखा कि युवती लगातार उसे ब्लैकमेल कर रही थी और आपत्तिजनक काम करने के लिए दबाव बना रही थी। साथ ही धमकी देती थी कि अगर शादी नहीं की तो वह उसकी जिंदगी और परिवार को बर्बाद कर देगी।

नोट में यह भी उल्लेख है कि उसकी होने वाली शादी को रोकने की कोशिश की जा रही थी, जिससे वह बेहद परेशान हो गया था। कुलदीप ने अपने मोबाइल की जांच करने की भी बात लिखी, जिसमें पूरे मामले के सबूत होने की बात कही गई है।

सुबह कमरे में मिला शव

घटना नवलपुर, मीरापुर बसहीं इलाके की है, जहां कुलदीप किराए के मकान में रहता था। मकान मालिक के अनुसार, सुबह वह कुछ देर के लिए बाहर गया और वापस आकर सीधे अपने कमरे में चला गया। करीब 9 बजे जब उसका दोस्त उसे खोजते हुए पहुंचा और फोन नहीं उठने पर शक हुआ, तब कमरे में जाकर देखा गया। अंदर कुलदीप पंखे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच की और सुसाइड नोट को बरामद किया।

शादी से पहले युवक ने दी जान, सुसाइड नोट में युवती पर ब्लैकमेल का आरोप; पुलिस जांच में जुटी

परिवार को नहीं थी कोई जानकारी

पिता विनोद कुमार ने बताया कि परिवार एक दिन पहले ही माता वैष्णो देवी के दर्शन कर लौटा था। सभी बेहद खुश थे और शादी की तैयारियां चल रही थीं। उन्हें इस बात का बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि बेटा किसी परेशानी से गुजर रहा है।

पुलिस कर रही जांच

पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट और मोबाइल फोन की जांच के आधार पर ‘पूजा सक्सेना’ नाम की युवती की तलाश की जा रही है। मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *