(रणभेरी): रविवार देर रात धौलाना-गुलावठी मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में शादी समारोह से लौट रही बारात की बस ट्रक से टकरा गई। इस भीषण दुर्घटना में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों का इलाज नजदीकी अस्पतालों में जारी है।
जानकारी के अनुसार, बारात गाजियाबाद के डासना क्षेत्र से बुलंदशहर के गुलावठी गई थी। शादी संपन्न होने के बाद देर रात करीब 13 लोगों को लेकर बस वापस लौट रही थी, जबकि कुछ लोग अलग-अलग वाहनों से पीछे आ रहे थे। इसी दौरान धौलाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी बस को सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि बस सड़क पर पलट गई और उसी दौरान ट्रक भी अनियंत्रित होकर बस पर जा गिरा। दोनों वाहनों के भारी दबाव में बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसका ऊपरी हिस्सा अलग हो गया, जिससे यात्री अंदर फंस गए।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पीछे आ रहे बारातियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने बस के शीशे तोड़कर कुछ लोगों को बाहर निकाला, जबकि कई यात्रियों को गैस कटर की मदद से काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
मृतकों में दूल्हे के पिता समेत छह लोग शामिल हैं, जिनमें बस चालक भी बताया जा रहा है। सभी मृतक और घायल गाजियाबाद के डासना क्षेत्र के रहने वाले हैं।

घायलों को पहले धौलाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायलों को रामा मेडिकल कॉलेज और जीएस मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इस हादसे पर पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार और अंधेरा दुर्घटना के प्रमुख कारण माने जा रहे हैं। ट्रक चालक की भी मौत हो चुकी है।

उधर, हादसे की खबर मिलते ही शादी वाले घर में मातम पसर गया। परिवार के अनुसार, जहां कुछ दिन पहले ही शादी की खुशियां मनाई गई थीं, वहीं अब घरों में गहरा शोक छा गया है।
