आज़मगढ़: 55 की उम्र में सातवीं शादी की तैयारी, नाबालिग बेटे ने पुलिस से लगाई गुहार

आज़मगढ़: 55 की उम्र में सातवीं शादी की तैयारी, नाबालिग बेटे ने पुलिस से लगाई गुहार

(रणभेरी): जिले के अहरौला थाना क्षेत्र में एक अजीबोगरीब पारिवारिक मामला सामने आया है। यहां 55 वर्षीय एक व्यक्ति सातवीं शादी की तैयारी में जुटा है। इस बात की जानकारी जब उसके 17 वर्षीय नाबालिग बेटे को हुई तो उसने थाने पहुंचकर शादी रुकवाने की गुहार लगाई। बेटे का आरोप है कि पिता ने शादी के लिए जमीन गिरवी रख दी है और कर्ज भी ले लिया है।

अहरौला क्षेत्र के पूरा दुबे गोदाम गांव निवासी अमरजीत मौर्य (55) अब तक छह शादियां कर चुके हैं और अब सातवीं बार दूल्हा बनने की तैयारी में हैं। आरोप है कि नई शादी के इंतजाम के लिए उन्होंने अपनी आधी से ज्यादा जमीन गिरवी रख दी है और करीब 50 हजार रुपये उधार भी ले लिए हैं।

जब इसकी भनक उनके 17 वर्षीय बेटे को लगी तो वह सीधे अहरौला थाने पहुंच गया और पुलिस से पिता की शादी रुकवाने की मांग की। बेटे का कहना है कि जब उसने पिता को सातवीं शादी से मना किया तो उन्होंने उसकी पिटाई कर दी।

आज़मगढ़: 55 की उम्र में सातवीं शादी की तैयारी, नाबालिग बेटे ने पुलिस से लगाई गुहार

छह शादियों का लंबा सिलसिला

बेटे ने पुलिस को बताया कि उसके पिता ने उसकी मां से तीसरी शादी की थी। उससे पहले दो शादियां हो चुकी थीं। मां के बाद भी उन्होंने तीन और शादियां कीं। इस तरह अब तक छह शादियां हो चुकी हैं। बताया जा रहा है कि वर्ष 2024 में अमरजीत ने छठी शादी की थी। पत्नी कुछ दिन साथ रही, लेकिन बाद में जमीन अपने नाम कराने की मांग करने लगी। जब जमीन नहीं लिखी गई तो वह घर छोड़कर चली गई।

नई शादी के लिए जमीन बेचने की तैयारी

परिवार के मुताबिक अमरजीत अब सातवीं शादी के लिए लोगों से संपर्क में हैं। इसके लिए वह अपनी बची हुई जमीन बेचने की तैयारी में हैं। बताया गया कि उन्होंने किसी से 50 हजार रुपये एडवांस भी ले लिया है और जमीन का एक हिस्सा गिरवी रख दिया है। बेटे का कहना है कि पिता उसके पढ़ाई और खर्च का जिम्मा नहीं उठाते। वह मजदूरी कर अपनी पढ़ाई और घर का खर्च चलाता है। अभी 12वीं की परीक्षा देने के लिए गांव लौटा तो उसे पिता की नई शादी की तैयारी की जानकारी मिली।

बहन ने भी बताई पारिवारिक कहानी

अमरजीत की बहन माला देवी ने बताया कि उनके भाई ने पहली शादी 1996 में की थी, लेकिन विदाई से पहले ही पत्नी की मायके में मौत हो गई। 1999 में दूसरी शादी हुई, जिससे तीन बेटियां हुईं। चौथे बच्चे के जन्म से पहले दूसरी पत्नी की भी मौत हो गई। इसके बाद तीसरी शादी हुई, जिससे एक बेटा हुआ। बाद में तीसरी पत्नी किसी अन्य व्यक्ति के साथ चली गई। चौथी और पांचवीं पत्नियां भी जमीन अपने नाम कराने की मांग को लेकर कुछ समय बाद घर छोड़कर चली गईं। साल 2024 में हुई छठी शादी भी ज्यादा दिन नहीं चली। इसी दौरान अमरजीत को लकवा मार गया और पत्नी उन्हें छोड़कर चली गई।

अमरजीत बोले – बुढ़ापे के लिए सहारा चाहिए

वहीं अमरजीत मौर्य का कहना है कि उम्र बढ़ने के साथ उन्हें देखभाल करने वाले की जरूरत है। उनका कहना है कि अगर पत्नी होगी तो बुढ़ापे का सहारा मिल सकेगा।

आज़मगढ़: 55 की उम्र में सातवीं शादी की तैयारी, नाबालिग बेटे ने पुलिस से लगाई गुहार

पुलिस ने जांच का दिया भरोसा

गांव के प्रधान शत्रुघ्न कनौजिया ने भी बताया कि अमरजीत पहले भी कई शादियां कर चुके हैं और अब फिर से शादी की तैयारी में हैं। अहरौला थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि बेटे की शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है और परिवार को समझाकर समाधान निकालने की कोशिश की जाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *