(रणभेरी): शहर के रावतपुर इलाके में स्थित भूतेश्वर मंदिर के पुजारी की नॉनवेज खाते हुए कथित तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रविवार रात हंगामा खड़ा हो गया। नाराज लोगों की भीड़ मंदिर पहुंच गई और पुजारी को बाहर बुलाने लगी। जब पुजारी बाहर आने में हिचकिचाने लगे तो कुछ लोग मंदिर के अंदर घुस गए और उन्हें घसीटते हुए बाहर ले आए। इसके बाद उनके साथ मारपीट की गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वायरल तस्वीर को लेकर भीड़ पुजारी से जवाब मांग रही थी। इसी दौरान बहस बढ़ गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। गुस्साए लोगों ने पुजारी को थप्पड़ मारना शुरू कर दिया। पुजारी खुद को बचाने के लिए भागने लगे, लेकिन भीड़ ने उन्हें दौड़ाकर पीटा।

मंदिर के आसपास की दुकानों में काम करने वाली कुछ महिलाएं पुजारी को बचाने के लिए आगे आईं और भीड़ से उन्हें छोड़ने की गुहार लगाती रहीं। हालांकि, भीड़ का गुस्सा कम नहीं हुआ और महिलाओं के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। करीब एक घंटे तक मंदिर परिसर के आसपास हंगामा चलता रहा।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह पुजारी को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर थाने ले गई। घायल पुजारी ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि कुछ लोग उन्हें मंदिर से हटाने की साजिश कर रहे हैं और उनकी छवि खराब करने के लिए पुरानी तस्वीर को एडिट कर वायरल किया गया है।

बताया जा रहा है कि प्रशांत गिरी उर्फ गोलू पंडित रावतपुर के केशवपुरम स्थित भूतेश्वर मंदिर में पुजारी और महंत हैं और मंदिर परिसर में बने कमरे में ही रहते हैं। दो दिन पहले उनकी एक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी, जिसमें उन्हें कथित तौर पर नॉनवेज खाते दिखाया गया। इसके बाद कुछ लोगों ने धार्मिक आस्था से खिलवाड़ का आरोप लगाते हुए उन्हें मंदिर से हटाने की मांग शुरू कर दी थी।
रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि पुलिस ने पुजारी को सुरक्षित भीड़ से निकाल लिया है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जाएगी।
