वाराणसी (रणभेरी): बिहार के मौलाना अब्दुल्ला सलीम की ओर से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के बाद विवाद बढ़ गया है। इस मुद्दे को लेकर रविवार को वाराणसी में विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और मौलाना के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
शहर के मैदागिन चौराहे पर त्रिशक्ति सेवा फाउंडेशन और हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में जुटे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मौलाना के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि किसी भी जनप्रतिनिधि या उनके परिवार के बारे में इस तरह की टिप्पणी सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करती है और ऐसी भाषा स्वीकार्य नहीं है।

हिंदू युवा वाहिनी के मंडल प्रभारी एवं वाराणसी विकास प्राधिकरण के मानद सदस्य अंबरीश सिंह भोला ने इस टिप्पणी की निंदा करते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़ी कानूनी कार्रवाई जरूरी है। साथ ही उन्होंने मौलाना की नागरिकता रद्द करने की मांग भी उठाई।
प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए क्षेत्र में तनाव का माहौल बना रहा, हालांकि पुलिस की मौजूदगी में स्थिति नियंत्रण में रही। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।इस दौरान नवीन कश्यप, अजय सिंह, सन्नी गुप्ता, विनय जायसवाल, अश्वनी गुप्ता, विनय चौरसिया, उमेश सिंह, अभिषेक श्रीवास्तव, नीतीश रौनक, गप्पू सिंह और दिनेश अग्रहरि समेत कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
